शांति समझौते के 24 घंटे के भीतर Lebanon लहूलुहान! इज़राइली हमलों में 16 मौतें, US-Iran 'ऐतिहासिक डील' पर मंडराया संकट

Lebanon
प्रतिरूप फोटो
ANI
रेनू तिवारी । Jun 19 2026 11:59AM

खबरों के मुताबिक, रात के समय कई कस्बों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। NNA ने इस हमले को हाल के समय में इस क्षेत्र में हुई सबसे भीषण बमबारी में से एक बताया। नबातीह शहर, कफ़र जौज़, कफ़र रेमन और ज़ेबदीन में इज़राइली तोपखाने की गोलाबारी की खबर मिली।

पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में शांति बहाली के लिए अमेरिका और ईरान के बीच जिस 'ऐतिहासिक' समझौते की घोषणा कल हुई थी, उसकी स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि पूरा क्षेत्र एक बार फिर भीषण हिंसा की आग में झुलस गया। अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते के ठीक एक दिन बाद, दक्षिणी लेबनान ने हाल के महीनों की सबसे खौफनाक और जानलेवा रातों में से एक का सामना किया है।

लेबनान की नेशनल न्यूज़ एजेंसी (NNA) के अनुसार, दक्षिणी लेबनान के नबातीह ज़िले में इज़राइल द्वारा किए गए भीषण हवाई हमलों और तोपखाने की गोलाबारी में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि दर्जनों लोग जमींदोज हुई इमारतों के मलबे के नीचे दबे हुए हैं, जिससे मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

खबरों के मुताबिक, रात के समय कई कस्बों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। NNA ने इस हमले को हाल के समय में इस क्षेत्र में हुई सबसे भीषण बमबारी में से एक बताया। नबातीह शहर, कफ़र जौज़, कफ़र रेमन और ज़ेबदीन में इज़राइली तोपखाने की गोलाबारी की खबर मिली। बाद में हवाई हमलों ने कफ़र तिबनित और रेहान हाइट्स को निशाना बनाया।

नबातीह और हारौफ़ में कम से कम आठ लोग मारे गए। अल-शरकिया और डौइर के बीच एक घर पर हमले में चार अन्य लोगों की मौत हो गई। कफ़र सिर में तीन और लोग मारे गए। एक अलग घटना में, डौइर नगर पालिका भवन के पास एक मोटरसाइकिल को निशाना बनाकर किए गए इज़राइली ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।


शांति समझौते में लड़ाई खत्म करने का वादा किया गया था

यह हिंसा अमेरिका और ईरान द्वारा 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने के ठीक एक दिन बाद हुई है, जिसे मध्य पूर्व में शांति के लिए एक रोडमैप के रूप में पेश किया गया था। समझौते के मुख्य बिंदुओं में से एक यह है कि लेबनान सहित सभी सैन्य अभियान और शत्रुतापूर्ण गतिविधियां तुरंत और स्थायी रूप से बंद होनी चाहिए।

इस समझौते पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने डिजिटल रूप से हस्ताक्षर किए थे और अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में तनाव कम करने के मकसद से किया गया एक "जेंटलमैन एग्रीमेंट" (आपसी सहमति का समझौता) बताया था।


US-ईरान समझौते में क्या शामिल है

लड़ाई खत्म करने की अपील के अलावा, समझौते में कई बड़े वादे शामिल हैं। अमेरिका ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाना शुरू करने पर सहमत हो गया है, जबकि ईरान ने परमाणु हथियार न बनाने और अंतरराष्ट्रीय परमाणु निरीक्षणों में सहयोग करने का वादा किया है।

इस समझौते में आर्थिक सहयोग, ईरान के लिए पुनर्निर्माण निधि और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) सहित समुद्री व्यापार मार्गों को बहाल करने के प्रयासों की रूपरेखा भी शामिल है। शांति समझौते के ऐलान के 24 घंटे से भी कम समय में लेबनान में हुए जानलेवा हमलों से इस बात पर नए सवाल उठ सकते हैं कि इस इलाके में कितनी जल्दी स्थिरता आ सकती है।

Stay updated with International News in Hindi on Prabhasakshi 

All the updates here:

अन्य न्यूज़