NASA Swift telescope को उच्च कक्षा में भेजने का प्रयास बंद, इस साल पृथ्वी पर गिरेगी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और कैटलिस्ट स्पेस टेक्नॉलोजिस ने स्विफ्ट दूरबीन को सुरक्षित कक्षा में पहुंचाने का अभियान आधिकारिक तौर पर रोक दिया है। स्टार्टअप लिंक के अंतरिक्ष यान को नियंत्रित करने में आई तकनीकी समस्याओं और सूर्य की तेज गतिविधियों के कारण यह फैसला लिया गया। वर्ष 2004 में प्रक्षेपित यह दूरबीन अब इस साल के अंत तक पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर जलकर नष्ट हो जाएगी।

अमेरिकी एजेंसी नासा की अंतरिक्ष में स्थापित स्विफ्ट दूरबीन को उच्च कक्षा में पहुंचाकर बचाने की कोशिशें बुधवार को बंद कर दी गई, जिससे इस साल के आखिर में इस दूरबीन के गिरने और वायुमंडल में घर्षण की वजह से राख होने का खतरा पैदा हो गया है। नासा और कैटलिस्ट स्पेस टेक्नॉलोजिस ने यह खबर स्टार्टअप ‘लिंक’ के रॉकेट को दूरबीन को बचाने के लिए प्रक्षेपित किये जाने के करीब एक महीने बाद दी है। कैटलिस्ट ने कहा कि ‘लिंक’ के अंतरिक्ष यान को नियंत्रित करने में आ रही मुश्किलों की वजह से वह ‘स्विफ्ट दूरबीन’ को उच्च कक्षा में पहुंचाने की कोशिश नहीं करेगा।

नासा ने कहा कि इसका अभिप्राय है कि ब्रह्मांड में गामा-रे बर्स्ट और तारों के विस्फोट जैसे कुछ सबसे बड़ी खगोलीय घटनाओं पर 20 साल से अधिक समय तक नजर रखने के बाद यह दूरबीन वापस पृथ्वी की ओर गिरेगी और वायुमंडल में घर्षण की वजह से जलकर खाक हो जाएगी। नासा ने इस दूरबीन को अधिक सुरक्षित और लंबे समय तक स्थिर रखने वाली कक्षा में पहुंचाने की कोशिश के लिए कैटलिस्ट को तीन करोड़ डॉलर का भुगतान किया। लेकिन सूरज की तेज गतिविधियों के कारण इसकी कक्षा की ऊंचाई उम्मीद से ज़्यादा तेज़ी से कम हो रही थी।

स्विफ्ट दूरबीन को 2004 में कक्षा में भेजा गया था और इसके वैज्ञानिक उपकरणों को इस साल की शुरुआत में बंद कर दिया गया था ताकि इसके नीचे आने की रफ्तार को धीमा किया जा सके। पिछले हफ्ते तक यह पृथ्वी से 347 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्कर लगा रही थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़