Nepal PM Balendra Shah ने सांप्रदायिक हिंसा के बीच लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सीमावर्ती जिलों में सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत के बाद लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि सरकार हिंसा की निष्पक्ष जांच कराएगी और दोषियों को जवाबदेह ठहराएगी। तनाव को कम करने के लिए काठमांडू में सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई है।
(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 30 जुलाई नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सीमावर्ती जिलों में सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत के बीच बृहस्पतिवार को लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। मधेश प्रांत में बृहस्पतिवार को हुई झड़पों में एक किशोर की मौत के बाद अधिकारियों को कर्फ्यू का दायरा बढ़ाना पड़ा है। शाह ने टीवी पर राष्ट्र के नाम दिए गए संबोधन में कहा कि सरकार हालिया हिंसा की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करेगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि काठमांडू में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है और तनाव कम करने के लिए बातचीत जारी है। शाह ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य मंचों के जरिये अफवाहें, गलत जानकारी या नफरत फैलाने वाली बातें न प्रसारित करें। सुनसरी जिले के देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका के कप्तानगंज इलाके में रविवार को दो धार्मिक समुदायों के बीच उत्सव को लेकर हुए विवाद के बाद झड़पें हुई थीं।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से की गयी गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और सुरक्षाकर्मियों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
अन्य न्यूज़















