विवाहेतर संबंधों के आरोपों के बाद Nvidia CEO पद से Jensen Huang का इस्तीफा, Colette Kress अंतरिम प्रमुख

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग ने विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आने के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद से इस्तीफा दे दिया है। इनमें से एक संबंध को लेकर विदेशी जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं भी जताई गई हैं। कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस को तत्काल प्रभाव से अंतरिम सीईओ बनाया गया है।

जेनसेन हुआंग ने इस हफ्ते विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आने के बाद चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद से इस्तीफा दे दिया। इनमें से एक महिला के साथ उनके संबंधों को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी पैदा हुई हैं। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर के मुताबिक, हुआंग एक ऐसी महिला व्यवसायी के साथ प्रेम प्रसंग में थे, जिसे अमेरिकी खुफिया एजेंसियां ​​चीन की जासूस मानती हैं। हालांकि, बीजिंग ने इस आरोप से इनकार किया है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ और कुछ अन्य मीडिया संस्थानों ने एनवीडिया के कर्मचारियों के हवाले से खबर दी कि हुआंग के अपने अधीन काम करने वाली एक कर्मचारी के साथ भी विवाहेतर संबंध थे, जिससे उनके इस्तीफे की मांग और तेज हो गई। एनवीडिया ने बृहस्पतिवार को हुआंग के इस्तीफे की घोषणा की, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया। उसने कहा कि साल 2013 से एनवीडिया की मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) और कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रही कोलेट क्रेस अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगी। यह विवाद एनवीडिया के लिए अब तक का सबसे उथल-पुथल भरा अध्याय साबित हुआ है, जिसकी अत्याधुनिक चिप ने कृत्रिम बुद्धितत्ता (एआई) के विकास की नींव रखी है। हुआंग खुद एआई की दुनिया का एक प्रमुख चेहरा हैं। वह न केवल पूरे उद्योग में जाने जाते हैं, बल्कि अक्सर वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी नजर आते हैं।

------एनवीडिया का नया नेतृत्व------ एनवीडिया के मुताबिक, क्रेस कंपनी की अंतरिम सीईओ होंगी। लगभग 13 साल पहले कंपनी से जुड़ने से पहले वह सिस्को, माइक्रोसॉफ्ट और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स के साथ काम कर चुकी हैं। क्रेस ने नयी जिम्मेदारी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि एनवीडिया को “हमेशा उसके कर्मचारियों से ताकत मिली है” और वह “उस असाधारण नींव को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसे जेनसेन ने पिछले 33 वर्षों में तैयार किया था।” हुआंग ने 1993 में क्रिस मेलाचोव्स्की और कर्टिस प्रिएम के साथ मिलकर एनवीडिया की स्थापना की थी। तब से लेकर बृहस्पतिवार तक वह कंपनी का नेतृत्व करते रहे। इस दौरान उनके उत्तराधिकारी के रूप में कोई स्पष्ट नाम सामने नहीं आया। हुआंग के इस्तीफे के साथ एनवीडिया के नये स्थायी सीईओ की तलाश शुरू हो गई है। कंपनी ने कहा है कि वह इस पद के लिए “आंतरिक और बाहरी, दोनों स्तर पर उम्मीदवारों” पर विचार कर रही है। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने बृहस्पतिवार को बताया था कि उसने हार्वे सी जोन्स को अपना पहला अध्यक्ष नियुक्त किया है।

------सुर्खियों में प्रेम प्रसंग------ पिछले सप्ताहांत ‘मेगास्पीड’ नाम की एक क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी की पूर्व कर्मचारी एलिस हुआंग के साथ विवाहेतर संबंध की खबरें सामने आने के बाद हुआंग ने “अपनी पत्नी के साथ बेवफाई के लिए माफी मांगी थी।” उन्होंने रविवार को एनवीडिया के कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा था, “मेरी हरकतों से उन्हें (पत्नी को) और हमारे बच्चों को दुख पहुंचा है।” हुआंग ने ईमेल में कहा था कि उनके सहकर्मी भी उनसे “बेहतर व्यवहार के हकदार हैं।” लेकिन न तो हुआंग और न ही एनवीडिया ने उस महिला का नाम लिया, जिसके साथ वह विवाहेतर संबंध में थे। हालांकि, तत्कालीन सीईओ की माफी कंपनी के इस बयान के तुरंत बाद आई कि वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या हुआंग “किसी विदेशी जासूसी अभियान का शिकार हुए थे।” पिछले महीने ‘द टाइम्स’ ने खबर दी कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि एनवीडिया के सीईओ हुआंग के एलिस हुआंग (जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है) के साथ करीबी संबंध थे। खबर के अनुसार, एजेंसियों ने यह भी पाया कि एलिस हुआंग सीधे बीजिंग को जानकारियां पहुंचा रही थीं। बता दें कि हुआंग दोनों (हेनसेन और एलिस) का साझा उपनाम है और दोनों के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। एनवीडिया ने शुरू में कहा था कि कंपनी की जांच पूरी होने तक हुआंग मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर बने रहेंगे। लेकिन बुधवार देर रात हुआंग के एनवीडिया की एक कर्मचारी के साथ प्रेम संबंध होने की खबरें सामने आईं, जिसके बाद उन पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया। इसके कुछ ही समय बाद हुआंग ने सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, एनवीडिया ने बृहस्पतिवार को हुआंग के इस्तीफे से संबंधित घोषणा में उनके दोनों प्रेम प्रसंगों में से किसी का भी जिक्र नहीं किया। बृहस्पतिवार को समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ ने सूत्रों के हवाले से खबर दी कि हुआंग एनवीडिया की एक और कर्मचारी के साथ भी संबंध में थे।

------जांच की स्थिति------ एनवीडिया ने रविवार को घोषित अपनी आंतरिक जांच के सिलसिले में कोई नयी जानकारी नहीं दी है। कंपनी ने रविवार को कहा था कि उसके पास यह मानने का “कोई कारण नहीं है” कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय डेटा से किसी तरह का समझौता हुआ है। हालांकि, उसने कहा था कि जांच के दौरान उपलब्ध सभी सूचनाओं की पड़ताल की जाएगी। खबरों के अनुसार, विवाद के सार्वजनिक होने से काफी पहले ही ट्रंप को हुआंग से जुड़ी खुफिया जानकारियों के बारे में बता दिया गया था। हालांकि, जब सप्ताहांत में ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि उन्हें उस जानकारी पर पहले ही कोई कदम उठा लेना चाहिए था, तो उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा नहीं लगता।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि एनवीडिया के सीईओ एक “सम्मानित व्यक्ति” हैं। उन्होंने बाद में कहा कि संघीय जांच एजेंसी एफबीआई एलिस के साथ हुआंग के संबंधों की जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पड़ताल अभी किस स्तर पर है। इस बीच, कैपिटल हिल (अमेरिकी संसद परिसर) में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट, दोनों पक्षों के सांसद मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं। सिंगापुर स्थित ‘मेगास्पीड इंटरनेशनल’ के साथ एनवीडिया के संबंधों पर कई लोगों की नजर है। ‘मेगास्पीड’ ने अपनी वेबसाइट पर दोनों कंपनियों के बीच साझेदारी का प्रमुखता से जिक्र कर रखा है। पिछले साल, ‘मेगास्पीड’ पर एनवीडिया की एडवांस्ड कंप्यूटर चिप को अवैध रूप से चीन भेजने का आरोप लगा था, लेकिन दिसंबर में कंपनी ने कहा था कि ऐसे निर्यात का “कोई सबूत” नहीं है। ‘मेगास्पीड’ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अमेरिका के निर्यात नियंत्रण कानूनों का पालन करने की अपनी जिम्मेदारी को “बेहद गंभीरता” से लेती है। उसने कहा कि वह अमेरिकी प्रशासन के साथ “रचनात्मक और पारदर्शी” ढंग से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। सिंगापुर के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने ‘मेगास्पीड’ से जुड़ी जांच के तहत पिछले साल एलिस से पूछताछ की थी और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया था। अधिकारियों के मुताबिक, वे इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि एलिस के किसी अपराध को अंजाम देने के बारे में पर्याप्त सबूत नहीं हैं, लेकिन उन्हें संदेह है कि एलिस ने ‘मेगास्पीड’ में अपनी भूमिका को कम करके दिखाने के लिए “गलत जानकारी” दी थी। मलेशिया ने शुक्रवार को कहा कि वह इस बात की जांच कर रहा है कि क्या ‘मेगास्पीड’ या उसकी मलेशियाई सहयोगी ‘स्पीडमैट्रिक्स’ की ओर से मलेशिया लाई गई चिप को किसी दूसरे देश में निर्यात तो नहीं किया गया। इस बीच, चीन ने हुआंग को फंसाने की कोशिश करने के आरोप से इनकार किया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने इस हफ्ते की शुरुआत में जासूसी के आरोपों को “बेबुनियाद” बताया और कहा कि ये बीजिंग के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा हैं।

------ट्रंप अब भी हुआंग की तारीफ कर रहे------ राष्ट्रपति के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान ट्रंप के हुआंग से करीबी रिश्ते रहे हैं। उन्होंने कुल मिलाकर एआई के नियमन में ढील देने के लिए सफलतापूर्वक पैरवी की है। इसमें चीन को एनवीडिया की चिप की बिक्री पर लगी पाबंदियों में ढील भी शामिल है। और वह प्रौद्योगिकी कंपनियों के उन सीईओ में शामिल हैं, जिन्होंने ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति भवन) में रात्रिभोज का आनंद लिया है और यहां तक ​​कि ‘एयर फोर्स वन’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का विमान) में भी यात्रा की है। ट्रंप ने हुआंग को “बुद्धिमान” और “अद्भुत” बताते हुए बार-बार उनसे अपने विदेशी दौरों में साथ चलने का आग्रह किया है। बृहस्पतिवार को हुआंग के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने (हुआंग) “शानदार काम किया है।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने एनवीडिया के सीईओ पद के लिए एप्पल के पूर्व मुख्य कार्यकारी टिम कुक का नाम भी सुझाया, जो हाल के वर्षों में हुआंग की तरह ही ट्रंप के बेहद करीब रहे हैं। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “केवल एक व्यक्ति (एनवीडिया के सीईओ के रूप में) हुआंग की जगह ले सकता है। एक दिग्गज ही दूसरे दिग्गज की जगह लेता है!” ट्रंप की टिप्पणियों की आलोचकों ने तुरंत निंदा की। प्रतिनिधि सभा (अमेरिकी संसद का निचला सदन) में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज ने कहा कि रिपब्लिकन प्रशासन ने “मुक्त बाजार अर्थव्यवस्था को बार-बार कमजोर किया है।” उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार की घटना इस बात का ताजा उदाहरण है कि “डोनाल्ड ट्रंप मेहनतकश अमेरिकी लोगों पर ध्यान देने के बजाय कॉरपोरेट जगत से जुड़े अपने विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं।”

------एआई उद्योग के लिए नयी परीक्षा------ हुआंग के इस्तीफे से मची हलचल इस बात को रेखांकित करती है कि एआई की दौड़ में कितने कम लोगों के हाथों में इतनी असीम शक्तियां हैं। एनवीडिया आज दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में से एक है और हुआंग खुद प्रौद्योगिकी जगत की सबसे दिग्गज हस्तियों में से एक के रूप में उभरे हैं। कुछ विश्लेषकों को आशंका है कि जासूसी से जुड़े इन आरोपों से वाशिंगटन में चीन के साथ निर्यात संबंधी नियमों को और सख्त करने की मांग तेज होगी, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव फिर बढ़ सकता है। वहीं, कुछ अन्य विश्लेषकों ने इसे एनवीडिया के लिए एक निर्णायक मोड़ बताया है, जो लंबे समय से एआई से जुड़े आविष्कारों को गति देने वाली प्रमुख चिप निर्माता कंपनी रही है। हुआंग से जुड़े विवाद से प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के सामने मौजूद सुरक्षा जोखिमों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को एनवीडिया के शेयर की कीमतों में चार फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भी कंपनी के शेयर की कीमतों में कमी आई थी। ‘फॉरेस्टर’ की समूह अनुसंधान निदेशक स्टेफनी बेलौरस ने कहा कि एनवीडिया से हुआंग का इस्तीफा न केवल कंपनी के लिए, बल्कि पूरे एआई उद्योग में आए उछाल के लिए एक परीक्षा है। बेलौरस ने कहा, “अगर एनवीडिया नये नेतृत्व के तहत जल्द स्थिरता हासिल करने लेती है, तो इससे साबित होगा कि एआई बुनियादी ढांचे में आया उछाल इस तरह के झटके झेलने में सक्षम है।” उन्होंने कहा, “लेकिन अगर कंपनी के शेयर, वित्तीय साझेदारियों या उसके कारोबारी पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ी प्रतिबद्धताओं पर लगातार दबाव बना रहता है, तो इससे एआई क्षेत्र में आए उछाल के काफी कमजोर स्थिति में होने के संकेत मिलेंगे।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़