Poland के Krakow में गोलीबारी के हमलावर के घर मिले तीन शव, PM Tusk ने दी जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पोलैंड के शहर क्राकोव में शनिवार को सेंट्रल स्क्वायर पर हुई अंधाधुंध गोलीबारी में छह लोगों की जान चली गई और 15 अन्य जख्मी हुए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल पकड़े गए हमलावर के घर से दो महिलाओं और एक पुरुष का शव बरामद हुआ है। प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के अनुसार तीनों मृतक संदिग्ध के परिवार के करीबी सदस्य प्रतीत होते हैं।

क्राकोव (पोलैंड), आठ नवंबर (एपी) पोलैंड के क्राकोव में सामूहिक गोलीबारी करने के आरोपी के घर से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव मिले हैं। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि मृतक संभवतः आरोपी के परिवार के करीबी सदस्य थे। उन्होंने शनिवार देर रात मिले तीनों शवों को इस त्रासदी का एक और दुखद घटनाक्रम बताया।

अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणपंथी विचारधारा रखने वाले पोलैंड के एक व्यक्ति ने शनिवार को क्राकोव के भीड़भाड़ वाले ‘सेंट्रल स्क्वायर’ में अपनी कार से पहुंचकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। बाद में पुलिस की जवाबी गोलीबारी में हमलावर घायल हो गया। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने इस हमले को आतंकवादी कृत्य बताया है।

यह घटना देश के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राकोव के ओल्ड टाउन स्थित मेन स्क्वायर में हुई, जो शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। अधिकारियों ने बताया कि 25 वर्षीय हमलावर ने स्क्वायर में कई जगहों पर कार रोकी और हर जगह स्वचालित हथियार से गोलीबारी की। गृह मंत्री मार्सिन किर्विंस्की ने हमलावर का नाम उजागर नहीं किया, लेकिन कहा कि उसके विचार बेहद कट्टरपंथी और अति-राष्ट्रवादी हैं।

उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘सभी संकेत बताते हैं कि वह दक्षिणपंथी विचारधाराओं से प्रभावित है।’’ अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई। इनमें कम से कम तीन महिलाएं पोलैंड की नागरिक थीं, जबकि एक मृतक ब्रिटेन का नागरिक था। हमले के कई घंटे बाद भी पुलिस अन्य दो मृतकों की पहचान करने में जुटी थी।

गृह मंत्री ने बताया कि घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस प्रमुख मारेक बोरोन ने बताया कि हमले में पांच विदेशी नागरिक भी घायल हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कुल 13 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इस संख्या में हमलावर भी शामिल हो सकता है, जिसकी हमले के बाद सर्जरी की गई। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि घायलों में कितने लोगों को गोली लगी थी।

गोलीबारी के कुछ ही घंटों के भीतर दो घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बाद में प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आरोपी के घर के अंदर तीन शव मिले हैं। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि शुरुआती संकेतों के अनुसार, ये लोग हमलावर के परिवार के करीबी सदस्य प्रतीत होते हैं। क्राकोव पुलिस की प्रवक्ता कैटार्जिना सिस्लो ने बताया कि हमलावर ने सैन्य वर्दी जैसी पोशाक और बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। पुलिस को उसकी कार से कई अन्य हथियार और गोला-बारूद भी मिले हैं।

उन्होंने बताया कि खुद को गोली लगने के बावजूद भी हमलावर रुका नहीं और घायल अवस्था में भी पुलिसकर्मियों पर लगातार गोलीबारी करता रहा। उन्होंने कहा कि हमलावर ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया और अब आम जनता को कोई खतरा नहीं है। करीब 3.7 करोड़ की आबादी वाले पोलैंड में लगभग 4.11 लाख लोगों के पास बंदूक रखने का लाइसेंस है।

देश में बंदूक रखने के प्रति लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़