Manila में Quad नेताओं का महामंथन, PM Modi और Donald Trump होंगे शामिल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

फिलीपीन की राजधानी मनीला में मंगलवार को भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के शीर्ष नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक होगी। आसियान शिखर सम्मेलन से इतर होने वाले इस संवाद में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर विमर्श होगा। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में चारों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की यह पहली आमने-सामने की वार्ता होगी।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 16 नवंबर ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) के सदस्य देशों अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं की बैठक मंगलवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) के शिखर सम्मेलन से इतर होगी। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शामिल होंगे।

क्वाड नेताओं की पिछली बैठक 21 सितंबर, 2024 को अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी, जिसकी अध्यक्षता अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन ने की थी। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने यहां कहा, ‘‘राष्ट्रपति (ट्रंप) मंगलवार शाम मनीला में क्वाड नेताओं के साथ एक बहुपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर चर्चा की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में क्वाड ने यह साबित किया है कि वह ठोस कार्रवाई करने वाला साझेदारी समूह है, जो क्षेत्र की सबसे कठिन चुनौतियों से निपटने और एक स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रहा है।

क्वाड समूह का गठन 2007 में किया गया था, लेकिन चीन के नाराज होने की आशंकाओं के बीच अगले ही साल इसकी गतिविधियां लगभग ठप पड़ गई थीं। ट्रंप ने 2017 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते आर्थिक, कूटनीतिक और सैन्य प्रभाव को लेकर चिंताओं के मद्देनजर इस समूह को फिर सक्रिय किया। हालांकि, उनके उस कार्यकाल में क्वाड नेताओं का कोई शिखर सम्मेलन नहीं हुआ था।

मनीला में होने वाली बैठक अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के दौरान क्वाड नेताओं की पहली बैठक होगी। ट्रंप के 20 जनवरी, 2025 को दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार बैठक हो चुकी है। पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया था कि क्वाड देशों के नेताओं की बैठक मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर हो सकती है।

फिलीपीन 11 सदस्यीय आसियान का वर्तमान अध्यक्ष है और इसी हैसियत से वह शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़