Ukraine ने दक्षिणी रूस की दो Oil Refineries पर किए नए हमले

यूक्रेनी सेना ने रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में स्थित इल्स्की और अफिप्सकी तेल शोधन कारखानों को निशाना बनाया है। अधिकारियों के मुताबिक इन संयंत्रों की सालाना क्षमता करीब 9.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल शोधित करने की है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने स्वदेशी हथियारों व लंबी दूरी के ड्रोनों की क्षमता की सराहना की है।
यूक्रेन ने दक्षिणी रूस में दो तेल शोधन कारखानों पर नए हमले किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कीव में बने हथियारों की प्रभावशीलता की तारीफ की और कहा कि इन्हीं हथियारों ने रूस और कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप के बीच बने महत्वपूर्ण केर्च पुल को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
यूक्रेन के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी ने बताया कि रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में स्थित इल्स्की तेल शोधन कारखाने में भंडारण टैंकों को, और अफिप्सकी तेल शोधन कारखाना में एक प्रसंस्करण इकाई को निशाना बनाया गया। इन दोनों तेल शोधन कारखानों को रविवार रात भी निशाना बनाया गया था। बताया गया है कि ये दोनों तेल शोधन कारखानों की सालाना क्षमता करीब 9.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल शोधित करने की है और दक्षिणी तथा पूर्वी यूक्रेन में अग्रिम मोर्चे पर तैनात रूसी सेना को तेल की आपूर्ति कर सकती हैं।
रूसी अधिकारियों ने क्षेत्र के दो औद्योगिक उद्यमों पर हमलों की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने इस संबंध में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच पर की गई पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी प्रौद्योगिकी और कंपनियां बहुत अच्छी तरह से विकसित हो रही हैं।’’ उन्होंने बताया कि सोमवार रात केर्च पुल पर किए गए बड़े हमले में यूक्रेन के अत्याधुनिक लंबी दूरी वाले ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘फिलहाल, हम तकनीक के विकास के मामले में दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल हैं।
मुझे लगता है कि यूरोप में हम पहले स्थान पर हैं।’’ यूक्रेन के प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की ने बताया कि रूस द्वारा मंगलवार रात को और बुधवार तड़के पांच क्षेत्रों में ड्रोन से ऊर्जा सुविधाओं, आम लोगों के व्यवसायों और रिहायशी इमारतों पर हमले किए गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा शहर में रूसी हमले में चार लोग मारे गए। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि उसकी सेनाओं ने रात में ओडेसा क्षेत्र में इज़माइल बंदरगाह पर हमला करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया।
अन्य न्यूज़













