UN उप महासचिव Amina Mohammed 26 अगस्त से भारत का दौरा करेंगी, अधिकारियों से होगी चर्चा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

संयुक्त राष्ट्र की वरिष्ठ अधिकारी 26 से 28 अगस्त तक नई दिल्ली में सरकारी प्रतिनिधियों के साथ वैश्विक संस्था और भारत के बीच आपसी सहयोग पर वार्ता करेंगी। अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के छात्रों के साथ सतत विकास लक्ष्यों के लिए डिजिटल नवोन्मेष पर विचार-विमर्श भी करेंगी। न्यूयॉर्क लौटने से पहले वह चीन और मंगोलिया के आधिकारिक दौरों को पूरा करके भारत पहुंचेंगी।

योषिता सिंह संयुक्त राष्ट्र, 20 अगस्त संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव अमीना मोहम्मद इस महीने के अंत में भारत की यात्रा करेंगी और इस दौरान वह नयी दिल्ली और इस वैश्विक संस्था के बीच सहयोग पर चर्चा करेंगी। मोहम्मद इस सप्ताह चीन जाएंगी और इसके बाद मंगोलिया का दौरा करेंगी। वहां से न्यूयॉर्क लौटते समय वह भारत आएंगी।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बुधवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 26 से 28 अगस्त तक भारत यात्रा के दौरान अमीना मोहम्मद नयी दिल्ली में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान ‘‘संयुक्त राष्ट्र-भारत सहयोग और सतत विकास को आगे बढ़ाने में भारत की भागीदारी’’ पर चर्चा होगी। मोहम्मद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के छात्रों से भी मुलाकात करेंगी।

इस दौरान वह ‘‘सतत विकास लक्ष्यों के समर्थन में डिजिटल नवोन्मेष के इस्तेमाल की संभावनाओं और चुनौतियों पर छात्रों के साथ विचार-विमर्श करेंगी।’’ दुजारिक ने बताया कि अमीना मोहम्मद चीन में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कृत्रिम मेधा (एआई) और मानव विकास पर तीसरे संवाद की अध्यक्षता करेंगी। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को वह महासचिव के प्रतिनिधि के रूप में मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर जाएंगी, जहां वह मरुस्थलीकरण से निपटने संबंधी संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (यूएनसीसीडी सीओपी-17) के पक्षकारों के 17वें सत्र में हिस्सा लेंगी। अमीना मोहम्मद इससे पहले जुलाई 2023 में भारत आई थीं।

जनवरी 2022 में संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव के रूप में पांच वर्ष के दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्ति के बाद यह भारत की उनकी पहली यात्रा थी। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी और बेंगलुरु भी गई थीं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़