Donald Trump का कवरेज रोकने वाले टीवी चैनलों पर US Justice Department ने शुरू की जांच

वाशिंगटन में अमेरिकी न्याय विभाग ने टीवी चैनलों के एक समूह के खिलाफ एंटीट्रस्ट नियमों के उल्लंघन की पड़ताल शुरू की है। यह कार्रवाई पिछले महीने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी खबरों का प्रसारण रोकने के बाद की गई है। अधिकारियों के मुताबिक व्यावसायिक प्रतिस्पर्धियों का यह सामूहिक बहिष्कार कानून का उल्लंघन हो सकता है।
अमेरिका का न्याय विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) की खबरें कवर करने वाले टेलीविजन चैनलों के समूह ने पिछले महीने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी खबरें देना बंद करके प्रतिस्पर्धा संबंधी कानून का उल्लंघन किया है या नहीं। विभाग की एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। विभाग की प्रवक्ता एमिली कोविंगटन ने कहा कि व्यावसायिक प्रतिस्पर्धियों द्वारा इस तरह का सामूहिक बहिष्कार अमेरिकी कानून का उल्लंघन हो सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिस्पर्धा-विरोधी कानून प्रभाग केवल यह निर्धारित करने के लिए जांच कर रहा है कि क्या इन समाचार संगठनों ने प्रतिस्पर्धा-विरोधी कानूनों का उल्लंघन किया या नहीं।’’ ट्रंप प्रशासन द्वारा सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको के पत्रकारों के व्हाइट हाउस में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद पिछले महीने पांच प्रसारणकर्ताओं के समूह ने राष्ट्रपति से जुड़ी खबरों का प्रसारण रोक दिया था। इसके बाद ही न्याय विभाग की ओर से यह कदम उठाया गया है।
अन्य न्यूज़













