White House के पास फुटपाथ पर चढ़ी कार, सुरक्षा कारणों से 20 मिनट तक लगा Lockdown

White House के पास फुटपाथ पर चढ़ी कार, सुरक्षा कारणों से 20 मिनट तक लगा Lockdown
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास के पास सोमवार सुबह एक वाहन के सूचना पट्ट से टकराने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। सीक्रेट सर्विस ने आक्रामक व्यवहार करने वाले चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि बैरिकेड पार करने का प्रयास करने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ओवल ऑफिस में मौजूद नहीं थे।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, नौ नवंबर अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस के पास एक कार के फुटपाथ पर लगे सूचना पट्ट से टकराने के बाद सोमवार सुबह कुछ देर के लिए व्हाइट हाउस परिसर में लॉकडाउन लगा दिया गया। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे व्हाइट हाउस के उत्तर में लाफायेट पार्क के पास फुटपाथ पर हुई।

कार चालक की सुरक्षा अधिकारियों के साथ बहस भी हुई। अधिकारियों ने सुबह 10 बजकर दो मिनट पर व्हाइट हाउस में लॉकडाउन लगा दिया और संवाददाताओं को ब्रीफिंग कक्ष में सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा। करीब 20 मिनट बाद संवाददाताओं को वहां से बाहर जाने की अनुमति दी गई।

इस घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ओवल ऑफिस में मौजूद नहीं थे। सीक्रेट सर्विस के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘सुबह 10 बजे से ठीक पहले सीक्रेट सर्विस पुलिस और नेशनल गार्ड के जवानों ने लाफायेट पार्क के उत्तरी हिस्से में एक वाहन के फुटपाथ पर चढ़ जाने की घटना पर कार्रवाई की। चालक ने कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ आक्रामक व्यवहार किया, लेकिन उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।’’ सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट के अनुसार, अधिकारियों द्वारा लाफायेट स्क्वायर से ले जाए जाने के दौरान व्यक्ति को ‘ओ माई गॉड’ चिल्लाते हुए सुना गया।

वाहन की जांच के लिए मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के विस्फोटक निरोधक दस्ते को बुलाया गया। बयान में कहा गया, ‘‘इसके बाद लाफायेट पार्क के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया।’’ अधिकारियों के अनुसार इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने लाफायेट पार्क के पास लगे अवरोधक को पार करने की कोशिश की। उसे भी तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

‘फॉक्स न्यूज’ की खबर के मुताबिक, दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़