बापू, बंदर, संदेश और समाज (व्यंग्य)

gandhi three monkeys
संतोष उत्सुक । Apr 1 2022 12:33PM

मानसिक और शारीरिक अंधेरों के कारण भी बुराई दिखनी बंद हो चुकी है। इसकी प्रेरणा सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक नायकों से मिली है। अब सिर्फ अच्छाई देखना, तारीफ़ करना ज़रूरी हो गया है। बापू को गहन श्रद्धांजलि के रूप में उनके पहले बंदर का सन्देश सफलता से लागू है।

यह बात अलग है कि बापू के जन्म या निर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में उनके भक्त या देश भक्त दो गुटों में बंट जाएं। झगड़ा, मार कुटाई हो इस मुद्दे पर कि असली चेले कौन हैं और एफआईआर भी दर्ज हो। पुलिस कर्मी फ़ख्र महसूस करें कि बापू के सन्दर्भ में हुए झगड़े की एफआईआर उन्होंने लिखी लेकिन ईमानदारी से देखा जाए तो बापू के संदेश समाज में संजीदगी से लागू हैं। ख़ास देशवासियों की तो छोड़ो आजकल सभी ने बुरा देखना बंद कर दिया है। मानसिक और शारीरिक अंधेरों के कारण भी बुराई दिखनी बंद हो चुकी है। इसकी प्रेरणा सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक नायकों से मिली है। अब सिर्फ अच्छाई देखना, तारीफ़ करना ज़रूरी हो गया है। बापू को गहन श्रद्धांजलि के रूप में उनके पहले बंदर का सन्देश सफलता से लागू है।

इसे भी पढ़ें: हम सब पॉलिटिक्स में हैं

दूसरे बंदर का सन्देश, बुरा मत सुनो। बुरा सुनेंगे तो ऐसे, वैसे न जाने कैसे कैसे ख्याल दिल और दिमाग में आएंगे, परेशानी बढ़ेगी इसलिए कोई बुरा सुनने को तैयार नहीं है। अनजान को क्या, जान पहचान वाले को भी रोककर कुछ बुरा होता बताओ तो व्यंग्यात्मक मुस्कराहट के साथ बोलेगा मैंने क्या लेना और आपने भी क्या लेना। दिल, दिमाग, जिस्म और ज़िंदगी हिला देने वाला संगीत उपलब्ध है सुनो और मस्त रहो। जिम्नास्टिक नाच करो। आत्मा शांत और इंसान बीमारियों से दूर रहेगा। लोग सेहत बारे ज़्यादा चिंतित देखते हैं। रंगीन, बढ़िया, फायदा देने वाली बातें सुनना ज़्यादा ज़रूरी है। इस सन्दर्भ में आर्थिक व व्यवसायिक नायकों से प्रेरणा ले सकते हैं। सम्मान की बात है कि बापू का दूसरा बंदर भी अपने उद्देश्य में खरा उतर रहा है। 

तीसरा बंदर भी अपना सन्देश देने में पूरी तरह कामयाब रहा और समाज ने उसे अपनाया भी। बुरा कहना सचमुच बुरा है। बापू का यह सन्देश बाहें खोलकर, गले से लगाया जा रहा है। बुरा तो भूल जाओ अब तो कुछ भी कहना खतरनाक हो सकता है इसलिए बहुत सोच समझ कर बात करने का ज़माना है। हरा हरा देखो, भूरे को भी हरा कहते रहो। कई बार अच्छा, सही या उचित कहना भी परेशान कर सकता है। अच्छे और बुरे का फर्क मिटा दिया गया है। बुरा देखना, बुरा कहना, बुरा सुनना लोकतंत्र के चारों खानों को चित कर चुका है। इस तरह के कार्य अनैतिक होते हैं। नैतिकता के गिरते स्तर पर सुप्रीम अदालत भी चिंता ज़ाहिर कर चुकी है। व्यवहारिक पैकेज ज़िंदगी पर लागू है। 

इसे भी पढ़ें: बजट की अदाएं (व्यंग्य)

वह बात अलग है कि चुपके चुपके सब सुनो, सब कहो और सब देखो और बेशर्मी से हंसते रहो। कभी बोलो तो बोलो, हमने कुछ नहीं देखा, कुछ नहीं सुना। सबसे सुरक्षात्मक जवाब रहेगा, हमें नहीं पता। बापू के बंदरों के संदेश हमारे रोम रोम में रच बस गए हैं, समाज पर शासन कर रहे हैं।

- संतोष उत्सुक

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़