जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले बोले Abhijit Deepke, पाबंदियों से साफ है सरकार डरी हुई है

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुंबई से दिल्ली रवाना होते समय दावा किया कि रेलगाड़ियों को रद्द करने और कड़ी पाबंदियां लगाने से स्पष्ट है कि सरकार डरी हुई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं।

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को मुंबई में कहा कि सरकार ‘‘डरी हुई’’ है। दीपके प्रदर्शन में शामिल होने के वास्ते राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए। दीपके शनिवार सुबह छह बजकर 50 मिनट पर मध्य मुंबई के वर्ली स्थित ‘फोर सीजन्स होटल’ से मुंबई हवाई अड्डे के लिए रवाना हुए।

हवाई अड्डे पर दीपके ने कहा कि दिल्ली में कई रेलगाड़ियों को रद्द किए जाने समेत कड़ी पाबंदियां लगाए जाने के बीच सरकार “डरी हुई” है। कॉजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि दीपके पूर्वाह्न 10 बजे तक दिल्ली पहुंच सकते हैं। इस बीच, दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 25,000 जवानों को तैनात किया गया है। दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन पर प्रवेश और निकास को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़