Agar Malwa में नाले में कार गिरने से Odisha के 7 श्रद्धालुओं समेत 8 लोगों की मौत

मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में नलखेड़ा के पास एक कार के उफनते नाले में समा जाने से आठ लोगों की जान चली गई। मृतकों में ओडिशा के एक ही परिवार के सात सदस्य और स्थानीय कार चालक शामिल हैं। हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक जताया है तथा सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के एक कार के नाले में गिर जाने से ओडिशा के एक परिवार के सात सदस्यों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आठवां मृतक मध्यप्रदेश का रहने वाला कार चालक था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई मौतों पर शोक जताया तथा मृतकों के परिजनों के लिए क्रमश: दो-दो लाख रुपये और पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्घटना में लोगों की मौत दुख जताया। नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि ओडिशा से आए श्रद्धालुओं की कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई, जिससे कार सवार तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत सभी लोगों की मौत हो गई। भुवनेश्वर में अधिकारियों ने मृतकों की पहचान सिबाप्रसाद बेहेरा (43), रोजालिन बेहेरा (34), रितारानी बेहेरा (36), ज्ञानेंद्र बेहेरा (40), साई स्वर्ण प्रभा बेहेरा (6), कृष्ण राजबीर (13) और साई स्वास्तिक बेहेरा (10) के रूप में की है। चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सड़क हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मध्यप्रदेश के आगर मालवा में हुआ हादसा बेहद पीड़ादायक है। मैं प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ नयी दिल्ली से लौटने के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि ओडिशा सरकार के अधिकारी मध्यप्रदेश के अधिकारियों के संपर्क में हैं और पर्यटकों के शवों को वापस लाने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।
अन्य न्यूज़













