यूपी में Azam Khan के तंज पर AIMIM ने सड़कों पर बांटी बिरयानी, सपा ने बताया नकली

समाजवादी पार्टी नेता आजम खान द्वारा असदुद्दीन ओवैसी पर की गई टिप्पणी के बाद एआईएमआईएम ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हैदराबादी बिरयानी वितरण का अभियान शुरू किया है। पार्टी इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रही है। वहीं सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इस कदम पर पलटवार करते हुए परोसी जा रही बिरयानी और पार्टी दोनों को नकली करार दिया है।
(चंदन कुमार) लखनऊ, 25 नवंबर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की ओर से ऑल इंडिया मजलिस-ए—इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर किए गए ‘हैदराबादी बिरयानी’ वाले तंज को राजनीतिक अवसर में बदलते हुए हैदराबाद में प्रभाव वाली पार्टी उत्तर प्रदेश की सड़कों पर लोकप्रिय व्यंजन परोस रही है। पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इसके जरिये अपना संदेश लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने इस कदम पर पलटवार करते हुए कहा है कि एआईएमआईएम द्वारा परोसी जा रही बिरयानी दरअसल उनके नेताओं की ही तरह ‘‘नकली’’ है।
आजम खान ने रामपुर में ओवैसी के बारे में पूछे जाने पर मीडिया से कहा था, ‘‘यहां के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं है। यहां के लोगों को पुलाव और मटन बिरयानी पसंद है।’’ ओवैसी ने आगामी चुनाव के लिए चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले गठबंधन किया है। इटावा से बरेली तक एआईएमआईएम के नेताओं ने बिरयानी वितरण कार्यक्रम किए हैं।
इन कार्यक्रमों में मुस्लिम बहुल इलाकों में लोगों की भीड़ जुट रही है और खाने की पसंद को लेकर शुरू हुई बहस राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल रही है। बरेली में एआईएमआईएम के उत्तर प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी ने मंगलवार रात अपने कार्यालय में हैदराबादी बिरयानी परोसने का आयोजन किया। इसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया।
नदीम ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राज्य के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद आने लगी है और आने वाले दिनों में इसकी लोकप्रियता और बढ़ेगी।’’ आजम खान की टिप्पणी के कुछ दिन बाद ही हैदराबादी बिरयानी के आयोजन और वितरण कार्यक्रम शुरू हो गए थे। इसके बाद पार्टी की विभिन्न इकाइयों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए। नदीम ने बताया कि रामपुर, हाथरस, बहराइच, इटावा और संभल समेत कई जिलों में ऐसे आयोजन और बिरयानी वितरण कार्यक्रम किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक पूरे उत्तर प्रदेश में हैदराबादी बिरयानी के आयोजन और वितरण का सिलसिला जारी रहेगा। इटावा में पार्टी की जिला इकाई ने मुस्लिम बहुल नई बस्ती इलाके में बिरयानी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम स्थल पर ओवैसी की तस्वीर वाला एक पोस्टर भी लगाया गया था।
जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन ने कहा कि यह कार्यक्रम आजम खान की टिप्पणी के जवाब में आयोजित किया गया था। हुसैन ने दावा किया कि ‘‘अब 85 प्रतिशत से अधिक मुसलमान ओवैसी का समर्थन करते हैं’’ और 2027 के चुनाव में एआईएमआईएम को उनका समर्थन मिलेगा। बरेली में एआईएमआईएम द्वारा रखे गए बावर्ची मुहम्मद शफीक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हैदराबादी बिरयानी, उत्तर प्रदेश में मशहूर मीट पुलाव से अलग होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसे बनाने के लिए ‘मैरीनेट’ किए गए मांस को बासमती चावल, तली हुई प्याज, पुदीने, केसर और मसालों के साथ परतों में लगाया जाता है और फिर ‘दम’ पर धीमी आंच में पकाया जाता है।’’ उन्होंने बताया कि हैदराबादी बिरयानी ज्यादा तीखी होती है, जिसमें हरी मिर्च और दही का इस्तेमाल होता है, जबकि उत्तर प्रदेश का अवधी यखनी पुलाव कम तीखा होता है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम द्वारा परोसी जा रही बिरयानी को ‘‘नकली हैदराबादी बिरयानी’’ करार दिया। सपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जिस तरह उनके नेता नकली हैं और उनकी पार्टी की सोच नकली है, उसी तरह वे जो हैदराबादी बिरयानी परोस रहे हैं वह भी नकली है।’’ चांद ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के लोगों ने हमेशा स्थानीय खाने को ही पसंद किया है।
हमारे पास उत्तर प्रदेश में अपनी खुद की बिरयानी, पुलाव, कबाब, चाट और मिठाइयां हैं। उनकी इस नकली हैदराबादी बिरयानी को यहां कोई नहीं पूछेगा।’’ बिरयानी से जुड़े अभियान ने उत्तर प्रदेश में उभरते राजनीतिक मुकाबले को एक दिलचस्प आयाम दिया है। एआईएमआईएम हैदराबाद में अपने पारंपरिक जनाधार से आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
ओवैसी अपने गठबंधन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं। साथ ही, वह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर मुसलमानों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व करने में विफल रहने का आरोप लगा रहे हैं।
अन्य न्यूज़














