Air India विमान में टर्बुलेंस से 17 लोग हुए घायल, DGCA ने शुरू की जांच

Air India
AI Image

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू के अनुसार फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान हवा में अचानक 300 फीट नीचे आ गई। इस घटना में चालक दल के चार सदस्यों समेत 17 लोग चोटिल हुए थे, जिनमें से सभी 13 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विमानन नियामक डीजीसीए ने जांच शुरू कर दी है।

नयी दिल्ली, पांच अगस्त नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने बुधवार को कहा कि फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान में मंगलवार को चार से पांच मिनट तक हवा में तेज वायुमंडलीय अस्थिरता (टर्बुलेंस) हुई, जिसमें चालक दल के कुछ सदस्यों को रीढ़ और गर्दन में चोटें आईं। उन्होंने बताया कि हवा में अचानक आई वायुमंडलीय अस्थिरता के कारण विमान करीब 300 फुट नीचे चला गया और इस घटना में चालक दल के चार सदस्यों समेत कम से कम 17 लोग घायल हो गए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।

नायडू ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विमान को करीब पांच मिनट तक हवा में टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘चार से पांच मिनट तक ‘टर्बुलेंस’ रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विमान को इसके बाद भी करीब एक घंटे तक उड़ान भरनी थी और इस दौरान चालक दल के सदस्यों ने यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई। यह बहुत बहादुरी का काम था... मैं उनके साहस के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।’’ चोटों की गंभीरता के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि चालक दल के दो सदस्यों को रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से और गर्दन के पास चोटें आई हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। विमान में 137 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे। मंगलवार को घटना के बाद 13 यात्रियों और चालक दल के चार सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान एआई2379 से जुड़ी घटना के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी 13 यात्रियों को पांच अगस्त को अपराह्न 3:30 बजे तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।’’ इसने कहा, ‘‘चालक दल के चार सदस्य अब भी चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनका इलाज जारी है।’’ एअर इंडिया ने कहा कि उसकी टीम अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित लोगों के संपर्क में हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़