AUD में AISA और ABVP के छात्र भिड़े, Orientation कार्यक्रम के दौरान हुई झड़प

दिल्ली स्थित आंबेडकर विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान वामपंथी छात्र संगठन आइसा और आरएसएस समर्थित एबीवीपी के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। आइसा ने आरोप लगाया कि एमए राजनीति विज्ञान के प्रथम वर्ष के छात्रों से बातचीत के समय एबीवीपी सदस्यों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। संगठन का दावा है कि यह विवाद विश्वविद्यालय प्रशासन की नई अनुमति अधिसूचना और सुरक्षाकर्मियों की निष्क्रियता के कारण बढ़ा।
नयी दिल्ली, सात अगस्त आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (एयूडी) में नए छात्रों के लिए आयोजित ‘ओरिएंटेशन’ कार्यक्रम के दौरान वाम समर्थित ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और आरएसएस से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। आइसा ने एक बयान में आरोप लगाया कि प्रथम वर्ष के एमए राजनीति विज्ञान के छात्रों के ‘ओरिएंटेशन’ कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी सदस्यों ने उसके कार्यकर्ताओं पर हमला किया। संगठन ने दावा किया कि यह घटना उस समय हुई जब संकाय सदस्य कार्यक्रम स्थल से जा चुके थे और उसके सदस्य नए छात्रों से बातचीत कर रहे थे।
आइसा के अनुसार, एबीवीपी के एक सदस्य ने कथित तौर पर आइसा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने विभाग में अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखीं तो उनके खिलाफ हिंसा की जाएगी। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि परिसर के सुरक्षाकर्मी देर से पहुंचे और उन्होंने झड़प में हस्तक्षेप नहीं किया तथा आइसा सदस्यों से वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने को कहा। आइसा ने दावा किया कि झड़प की शुरुआत विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से हाल में जारी अधिसूचनाओं को लेकर हुई, जिनमें परिसर में किसी भी सभा के लिए पहले अनुमति लेने की अनिवार्यता भी शामिल है।
संगठन ने आरोप लगाया कि ये कदम छात्रों की लोकतांत्रिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।
अन्य न्यूज़













