Ajay Rai ने RSS को दी Tiranga लेकर चलने की चुनौती, भाजपा पर भी साधा निशाना

Prabhasakshi Image
प्रतिरूप फोटो
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बलिया में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् अनिवार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने संघ के स्वयंसेवकों से संगठन के झंडे के बजाय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर चलने को कहा। इसके अलावा राय ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में दी गई एसआईटी क्लीन चिट और भाजपा की हालिया सांगठनिक नियुक्तियों पर भी तीखा हमला बोला।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने वंदे मातरम् विवाद को लेकर मंगलवार को भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को अपने सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत को अनिवार्य करने की चुनौती दी और उसके स्वयंसेवकों से संघ के झंडे के बजाय तिरंगा लेकर चलने को कहा। राय ने यहां संवाददाताओं से कहा, “आरएसएस के पथ संचलन और उसके सभी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् को अनिवार्य बनाएं।

स्वयंसेवकों और प्रचारकों को अपने झंडे के बजाय तिरंगा लेकर चलने दें।” राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में चंपत राय बंसल और अनिल मिश्रा को विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा कथित तौर पर दी गई क्लीन चिट को लेकर भी राय ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया, “ये पूरी तरह भ्रष्ट और बेईमान लोग हैं... उन्होंने राम को चढ़ाए गए प्रसाद में चोरी की है।” राष्ट्रीय महासचिव के रूप में स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी समेत भाजपा की हालिया नियुक्तियों पर राय ने उन्हें “फ्यूज बल्ब” करार दिया। उन्होंने कहा, “उनकी कहानी खत्म हो चुकी है।

चाहे आप किसी को प्रभारी बनाएं या कुछ और करें।” राय ने यह भी दावा किया कि भाजपा के सहयोगी संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर पार्टी से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा, “वे जाने की तैयारी कर रहे हैं। भाजपा एक डूबता जहाज है।

संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर धीरे-धीरे बाहर निकलने का रास्ता खोज लेंगे।” राय 19 अगस्त को होने वाले बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बलिया पहुंचे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़