कर्नाटक भाजपा के पहले अध्यक्ष एके सुबैया का निधन, लंबे समय से थे बीमार

ak-subbaiah-karnataka-bjps-first-president-passes-away
[email protected] । Aug 27 2019 7:32PM

कर्नाटक में भाजपा का कुछ वर्षों तक नेतृत्व करने के बाद वह 1980 के दशक के आखिरी वर्षों में कांग्रेस और उसके बाद जदएस में शामिल हो गए थे। वह काफी लंबे समय से राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं थे।

बेंगलुरु। तेजतर्रार नेता एवं कर्नाटक भाजपा के पहले अध्यक्ष ए के सुबैया का मंगलवार को एक निजी अस्पताल में वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के चलते निधन हो गया। यह जानकारी पारिवारिक सूत्रों ने दी। सूत्रों ने बताया कि सुबैया 83 वर्ष के थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी और पांच पुत्र हैं। कोडागु जिले के रहने वाले सुबैया जनसंघ और बाद में भाजपा से जुड़े रहे। उन्होने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली थी। कर्नाटक में भाजपा का कुछ वर्षों तक नेतृत्व करने के बाद वह 1980 के दशक के आखिरी वर्षों में कांग्रेस और उसके बाद जदएस में शामिल हो गए थे। वह काफी लंबे समय से राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं थे। 

इसे भी पढ़ें: कर्नाटक में होंगे तीन उपमुख्यमंत्री, येदियुरप्पा ने मंत्रियों के बीच किया विभागों का बंटवारा

पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने उनके निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया कि एके सुबैया के निधन के बारे में जानकार बहुत दुख हुआ जिन्होंने जनसंघ से शुरूआत की और बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने। उन्होंने जनता से सरोकार रखने वाले विभिन्न आंदोलन चलाये। गौड़ा ने आपातकाल के दौरान दिवंगत नेता के जेल जाने को याद करते हुए कहा कि सुबैया मेरे घनिष्ठ मित्र थे और आपातकाल के दौरान हम एकसाथ जेल गए थे।

इसे भी पढ़ें: कर्नाटक में विभागों के बंटवारे में देरी को लेकर सिद्धरमैया ने उड़ाया येदियुरप्पा का मजाक

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने कहा कि सुबैया का निधन उनकी निजी क्षति है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि सुबैया के निधन से मैंने एक मित्र खो दिया है। एक क्रांतिकारी एवं मुखर व्यक्ति जो विवादास्पद मुद्दों पर प्रतिक्रिया जताते समय अपनी बात स्पष्ट एवं सीधे तरीके से कहते थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़