श्रीगंगानगर गुरुद्वारे में Rajasthan Police की कार्रवाई पर भड़के अकाल तख्त जत्थेदार, निष्पक्ष जांच की मांग

अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने श्रीगंगानगर के गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह में पुलिस कार्रवाई और तोड़फोड़ की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सिख नेता तेजिंदरपाल सिंह की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की मांग की।
अमृतसर, पांच अक्टूबर अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने सोमवार को कहा कि राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित एक गुरुद्वारे के अंदर राजस्थान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से सिखों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनके अनुसार, पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह के ‘लंगर’ में रखी खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचाया और गुरुद्वारा परिसर के अंदर संपत्ति में ‘‘तोड़फोड़’’ की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने स्थानीय सिख नेता तेजिंदरपाल सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री से उनकी गिरफ्तारी और पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। जत्थेदार ने कथित घटना को ‘‘बेहद निंदनीय’’ करार दिया और मुख्यमंत्री से ‘‘गुरुद्वारा परिसर में तोड़फोड़’’ के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘अगर पुलिस को कोई समस्या थी तो उसे सिख धार्मिक मर्यादा के अनुसार और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करनी चाहिए थी, न कि किसी सिख धार्मिक स्थल में प्रवेश करके इस तरह की ‘तोड़फोड़’ करनी चाहिए थी।’’ उन्होंने कहा कि समुदाय के लोग किसी भी सिख नेता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे और सरकार से सिंह को तत्काल रिहा करने की मांग की।
जत्थेदार ने कहा कि तख्त दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह के नेतृत्व में एक सिख प्रतिनिधिमंडल ने गंगानगर का दौरा किया और घटना स्थल पर भी गया। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि राजस्थान पुलिस ने बेहद आपत्तिजनक कार्रवाई की।
अन्य न्यूज़













