West Bengal में BJP आई तो 'गुंडा-सिंडिकेट राज' खत्म होगा: Amit Shah का बड़ा ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नदिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर 'गुंडा राज' और 'सिंडिकेट राज' को समाप्त किया जाएगा तथा घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो वह राज्य में ‘‘गुंडा राज’’ और ‘‘सिंडिकेट राज’’ का अंत करेगी। नदिया जिले के तेहट्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ही मतदाताओं ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार का सफाया कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के चुनाव में 110 सीटें जीत ली हैं।’’ शाह ने कहा, ‘‘अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो यहां ‘गुंडा राज’ और ‘सिंडिकेट राज’ का अंत हो जाएगा। मतदान करने से न डरें, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने पर्याप्त व्यवस्था की है। कोई भी आपको वोट डालने से नहीं रोक पाएगा।’’
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो वह ‘‘राज्य में छिपे घुसपैठियों’’ की पहचान करेगी और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता को कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ के बावजूद अचानक हुई भारी बारिश के कारण अपना भाषण छोटा करना पड़ा।
अन्य न्यूज़














