Amritsar में पुलिस चौकी हमले में चार लोग पकड़े गए, ISI हैंडलर से जुड़े तार

पंजाब के अमृतसर में अजनाला क्षेत्र की चामियारी पुलिस चौकी पर 21-22 जुलाई की रात हुए हमले के सिलसिले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा है। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आका के संपर्क में थे और उन्हें हमले के लिए पैसे मिले थे। पुलिस पूरे नेटवर्क और फंडिंग के स्रोतों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में अमृतसर में एक पुलिस चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एक आका के संपर्क में थे और उन्हें हमले को अंजाम देने के लिए रुपये मिले थे।
पुलिस ने बताया कि 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने अजनाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चामियारी पुलिस चौकी पर एक ज्वलनशील वस्तु फेंकी थी। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों की पहचान अमृतसर के हरार खुर्द गांव निवासी करणबीर सिंह उर्फ गोरा, मनदीप सिंह और अमृतसर के गुज्जरपुरा निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले से जुड़े तार का पता लगाने के लिए जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क की पहचान की जा सके और धन मुहैया कराने वाले स्रोतों का खुलासा किया जा सके।
अन्य न्यूज़















