Mokama MLA Anant Singh अपनी बेटी की शादी में करेंगे शक्ति प्रदर्शन! 4 लाख मेहमान देखेंगे छोटे सरकार का जलवा

अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होने जा रही है। दूल्हे ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार कमांडेंट हैं। ऋषिकेश ने MBA की पढ़ाई की है और करीब 11 साल अमेरिका में भी रह चुके हैं।
बिहार की राजनीति में जब भी बाहुबली अंदाज, रसूख और दबंगई की चर्चा होती है, तो मोकामा के छोटे सरकार यानी अनंत सिंह का नाम अपने आप सामने आ जाता है। लेकिन इस बार अनंत सिंह किसी चुनावी अखाड़े या राजनीतिक बयानबाजी को लेकर नहीं, बल्कि अपनी बेटी की शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। शादी भी ऐसी कि इंतजाम देखकर बड़े-बड़े रईसों की आंखें चौंधिया जाएं। चार लाख मेहमानों के स्वागत की तैयारी, करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां, कई एकड़ में फैला शादी का पंडाल, 150 से ज्यादा तरह के पकवान और घुड़दौड़ में विजेता को इनाम के तौर पर SUV! यानी अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि बेटी की शादी है तो आयोजन भी छोटे सरकार के अंदाज में ही होगा।
दरअसल, अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होने जा रही है। दूल्हे ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार कमांडेंट हैं। ऋषिकेश ने MBA की पढ़ाई की है और करीब 11 साल अमेरिका में भी रह चुके हैं। लेकिन इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा दूल्हे की शैक्षणिक योग्यता या विदेश में रहने की नहीं, बल्कि उस शाही तोहफे की हो रही है, जो अनंत सिंह ने अपनी बेटी के लिए चुना है। दूल्हे के लिए करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये कीमत वाली लैंड रोवर डिफेंडर मंगाई गई है। वहीं, परिवार के छोटे बेटे अभिनव के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की BMW की व्यवस्था की गई है। अभिनव का जनेऊ संस्कार भी शादी के साथ ही संपन्न होगा।
इसे भी पढ़ें: Supreme Court का पूर्व JDU विधायक Anant Singh को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश
अब जरा शादी के आयोजन का आकार समझिए। पटना के लदमा गांव में दस बीघे से ज्यादा जमीन पर शादी का विशाल आयोजन तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 12 बीघे में घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए अलग मैदान बनाया जा रहा है। शादी में आने वाले मेहमानों की संख्या लगभग चार लाख तक पहुंचने का अनुमान है। यानी किसी छोटे शहर की आबादी के बराबर लोगों के स्वागत और भोजन का इंतजाम एक ही शादी में किया जा रहा है। इस आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। जयमाला के लिए लगभग 30 फुट ऊंचा भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। सजावट के फूल चीन और बेंगलुरु से मंगाए जा रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से सजावटी सामान पहुंच रहा है।
लेकिन अनंत सिंह के यहां शादी का मतलब केवल बारात, जयमाला और दावत तक सीमित नहीं है। यहां तो मेहमानों के मनोरंजन के लिए भी पूरा इंतजाम है। 25 नवंबर को दोपहर दो बजे से चार बजे तक घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा समेत कई राज्यों के घुड़सवार हिस्सा लेने पहुंचेंगे। प्रतियोगिता जीतने वाले को SUV दी जाएगी, जबकि दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटर मिलेगा। यानी घोड़े दौड़ेंगे, मुकाबला होगा और विजेता खाली हाथ नहीं लौटेगा।
साथ ही खाने-पीने का इंतजाम भी इस शादी को खास बनाने वाला है। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे। इसमें बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों के स्वाद भी शामिल होंगे। मिठाइयों में काजू कतली और नालंदा की मशहूर सिलाव खाजा भी परोसा जाएगा। सिलाव खाजा अपनी 52 परतों वाली खास बनावट के लिए जाना जाता है। इसके अलावा बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों, गायकों और दुबई से छह मॉडल को भी समारोह से जोड़ने की तैयारी है।
अब इस शादी की राजनीतिक और सामाजिक मेहमाननवाजी का अंदाज देखिए। अनंत सिंह ने निमंत्रण का दायरा बिहार तक सीमित नहीं रखा है। उनका कहना है कि भारत ही नहीं, पाकिस्तान में रहने वाले उनके दोस्त और शुभचिंतक भी आमंत्रित हैं। उनकी नजर में शादी के मौके पर कोई सत्तापक्ष या विपक्ष नहीं होता। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव तक को निमंत्रण देने की बात कही गई है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को निमंत्रण दिया जा चुका है। फिल्म अभिनेता सोनू सूद, मनोज तिवारी, पवन सिंह, अक्षरा सिंह और लोकगायिका मैथिली ठाकुर समेत कई चर्चित चेहरों को भी बुलाया गया है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि यह भव्य आयोजन ऐसे समय हो रहा है, जब अनंत सिंह की राजनीतिक स्थिति में उथल-पुथल मची हुई है। जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है और दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें चार दिसंबर तक आत्मसमर्पण करना है। यानी एक तरफ कानूनी और राजनीतिक चुनौतियां हैं, तो दूसरी तरफ परिवार में बेटी की शादी को यादगार बनाने की तैयारियां पूरे जोर पर हैं।
बहरहाल, 25 नवंबर को लदमा गांव में होने वाला यह आयोजन महज एक शादी नहीं, बल्कि अनंत सिंह के शाही ठाठ, रसूख और दबंग अंदाज का ऐसा नजारा बनने जा रहा है, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होगी। तीन करोड़ की लग्जरी गाड़ी, चार लाख मेहमानों की मेहमाननवाजी, 150 से ज्यादा पकवान, घुड़दौड़ में SUV का इनाम और देश-दुनिया की नामचीन हस्तियों को न्योता... इंतजाम का हर हिस्सा अपने आप में एक कहानी बयां कर रहा है। छोटे सरकार ने बेटी की शादी को यादगार बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। बिहार में शादियों के कई भव्य आयोजन हुए होंगे, लेकिन अनंत सिंह की बेटी की इस शादी ने आयोजन शुरू होने से पहले ही सुर्खियों और चर्चाओं का ऐसा तूफान खड़ा कर दिया है कि अब सबकी निगाहें 25 नवंबर पर टिक गई हैं।
अन्य न्यूज़














