कोल्हापुर में Gokul Dairy के अध्यक्ष बने NCP नेता Rajesh Patil, कड़े मुकाबले में हासिल किए 16 वोट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ के अध्यक्ष पद पर सत्तारूढ़ महायुति समर्थित उम्मीदवार राजेश पाटिल ने जीत हासिल की है। भाजपा सांसद धनंजय महादिक के मुताबिक पाटिल को कुल 16 वोट मिले। यह मुकाबला राज्य सरकार द्वारा चार मनोनीत निदेशकों को मतदान का अधिकार देने के विवाद के बीच संपन्न हुआ।

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ के उम्मीदवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता राजेश पाटिल मंगलवार को कड़े मुकाबले में गोकुल डेरी के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद का चुनाव महाराष्ट्र की भाजपा नीत सरकार के चार निदेशकों को मतदान का अधिकार देकर मनोनीत करने के फैसले को लेकर उठे बड़े राजनीतिक विवाद के बीच हुआ। पिछले महीने कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ के चुनाव में कांग्रेस विधान परिषद सदस्य सतेज पाटिल के समर्थन वाले पैनल ने 13-12 के मामूली अंतर से जीत हासिल की थी।

इस संघ को आमतौर पर गोकुल डेरी के नाम से जाना जाता है। भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य धनंजय महादिक ने बताया कि पाटिल को 16 वोट मिले। मुंबई उच्च न्यायालय ने सोमवार को सरकार के उस अध्यादेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके तहत चार मनोनीत निदेशकों को मतदान का अधिकार दिया गया है।

उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ ने फैसला सुनाया कि चारों मनोनीत निदेशक चुनाव में हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन उनके वोट अलग मतपेटी में रखे जाएंगे। इस बीच, विपक्षी नेताओं और दुग्ध उत्पादकों ने कोल्हापुर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया और इसे ‘‘सहकारी लोकतंत्र पर खुला हमला’’ बताया। चुनाव के बाद पाटिल ने कहा कि वह अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान सभी 25 निर्वाचित निदेशकों, सरकार द्वारा मनोनीत चार निदेशकों और सहयोजित किए गए दो निदेशकों के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि दुग्ध उत्पादकों, सहकारी संस्था और उसके कर्मचारियों के हितों की रक्षा की जा सके।

चुनाव में हारे राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाड़ी के उम्मीदवार शशिकांत चुएकर ने दावा किया कि उन्हें 25 निर्वाचित निदेशकों में से 13 का समर्थन मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष पद का चुनाव पाटिल ने लोकतांत्रिक तरीके से नहीं, बल्कि बल प्रयोग के जरिये जीता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़