Andhra Pradesh में Vijayadashami पर Governor, Chandrababu Naidu और Jagan ने दी बधाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आंध्र प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने मंगलवार को विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने इस पर्व को धर्म की सर्वोच्चता और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक बताया। वहीं मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने नागरिकों की खुशहाली व प्रगति की कामना की।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को राज्य के लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि विजयादशमी का त्योहार धर्म की सर्वोच्चता का प्रतीक है और यह बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म तथा अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। नजीर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मैं विजयादशमी के पावन अवसर पर आंध्र प्रदेश के लोगों को हार्दिक बधाई देता हूं।

मैं प्रार्थना करता हूं कि मां दुर्गा हम सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।’’ मुख्यमंत्री नायडू ने भी राज्यवासियों को दशहरा की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और लोगों को गहराई से प्रेरित करता है। नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मेरी कामना है कि मां जगन्नमाता का आशीर्वाद बना रहे और हम किसानों को उनकी मेहनत का फल देने, महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के अपने लक्ष्य को पूरा कर सकें।’’ जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि विजयादशमी यह संदेश देती है कि हमेशा अधर्म पर धर्म की, अंधकार पर प्रकाश की और बुराई पर अच्छाई की जीत होती है। जगन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मां कनक दुर्गा के आशीर्वाद से लोगों के कष्ट दूर हों, जीवन में खुशहाली आए और देवी की कृपा हम सब पर बनी रहे, यही मेरी कामना है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़