NEET पेपर लीक बवाल के बीच Lok Sabha में आया Anti-Paper Leak Bill, हंगामे के कारण कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा में केंद्र सरकार ने पेपर लीक से निपटने के लिए एक नया विधेयक पेश किया, जबकि सदन के बाहर और भीतर NEET पेपर लीक मामले पर छात्र प्रदर्शनकारियों के साथ कथित पुलिस बर्बरता का मुद्दा गरमाया रहा। विपक्षी दलों ने राहुल गांधी के साथ मिलकर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब और माफी की मांग की, जिसके परिणामस्वरूप सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा।
केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पेश किया। इसका मकसद सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनुचित तौर-तरीकों के खिलाफ कानूनी ढांचे को मजबूत करना है। वहीं, सोमवार को संसद भवन परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के सांसदों ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित पुलिस बर्बरता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और गृह मंत्री अमित शाह से माफी की मांग की। कई सांसदों ने हाथों में प्लेकार्ड और एक बड़ा बैनर लेकर संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस ज्यादती को लेकर गृह मंत्री से जवाब मांगते हुए नारे लगाए।
इसे भी पढ़ें: NEET प्रदर्शन पर गृह मंत्री के जवाब की मांग को लेकर Lok Sabha में हंगामा, ओम बिरला ने दी चेतावनी
विपक्ष के सदस्यों के लगातार हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई और आज भी प्रश्नकाल नहीं चल सका। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आसन के समीप हंगामा कर रहे कुछ विपक्षी सदस्यों को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी जो सदन की मर्यादाओं और परंपराओं को समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी वापस लेने के लिए दिल्ली पुलिस को आधिकारिक आदेश का इंतजार
सदन की बैठक शुरू होते ही अध्यक्ष बिरला ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय वेट लिफ्टर मीराभाई चानू समेत अन्य पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्हें बधाई दी। इसके बाद जैसे ही उन्होंने प्रश्नकाल शुरू कराना चाहा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के आगे आ गए। वे दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग कर रहे थे। बिरला ने कहा कि वह पहले ही यह व्यवस्था दे चुके हैं कि प्रश्नकाल में केवल सदस्य सरकार से सवाल पूछ सकते हैं और अन्य कोई मुद्दा नहीं उठाया जाएगा।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।
अन्य न्यूज़














