Hyderabad में बोले Anurag Thakur: Congress ने संविधान को कमजोर किया, Modi सरकार ने बढ़ाया मान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हैदराबाद में संविधान दिवस सम्मेलन के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने हमेशा संविधान को कमजोर करने की कोशिश की, जबकि मौजूदा केंद्र सरकार ने बाबा साहेब के पंचतीर्थ विकसित कर इसे उचित सम्मान दिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ने संविधान को कमजोर किया जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने उसे सम्मान दिया। ठाकुर ने भाजपा की तेलंगाना इकाई द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया था। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकार ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किया।

भाजपा सांसद ने बताया कि इन स्थलों में मध्यप्रदेश का महू, लंदन, नागपुर का दीक्षाभूमि, दिल्ली का 26 अलीपुर रोड और मुंबई का चैत्यभूमि शामिल हैं। ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान का सम्मान उसकी प्रति लहराने से नहीं, बल्कि उसके अनुच्छेदों का पालन करने से होता है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी में से कोई भी आज तक यह नहीं बता पाया कि संविधान में कितने पृष्ठ और कितने अनुच्छेद हैं।” ठाकुर ने आपातकाल लागू किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इसे लागू हुए 50 साल बीत चुके हैं लेकिन न तो कांग्रेस पार्टी और न ही गांधी परिवार ने इसके लिए कभी माफी मांगी है।

उन्होंने आपातकाल लागू किए जाने को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा खुद और अपने परिवार की सत्ता स्थायी रूप से बनाए रखने के लिए उठाया गया ‘निर्दयतापूर्ण आपराधिक कदम’ करार दिया। ठाकुर ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से इसके लिए माफी मांगेंगे और यह स्वीकार करेंगे कि इंदिरा गांधी तानाशाह थीं, जिन्होंने लोकतंत्र को कुचल दिया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़