Araria में Operation Prahar के तहत 25 करोड़ रुपये की स्मैक जब्त, 6 तस्कर धरे गए

बिहार के अररिया में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 4.08 किलोग्राम स्मैक और इसे तैयार करने वाले रसायन जब्त किए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल और अररिया के छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक है।
बिहार के अररिया जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक उनके पास से 4.08 किलोग्राम स्मैक और इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों और रसायनों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को की गई छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में चार पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं, जबकि दो अररिया जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट वाली एक काली स्कॉर्पियो, छह मोबाइल फोन और वजन तौलने वाली मशीन भी जब्त की है।
एसपी ने बताया कि पहली कार्रवाई में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हड़ियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास मालदा के निवासी इस्माइल शेख को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 812 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जोगबनी के निवासी रियाज अंसारी को भी गिरफ्तार किया। कुमार ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने पूर्णिया से आ रही एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली।
इस दौरान मालदा के निवासी रिंकू महालदार के पास से 1.416 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई। एसपी ने कहा कि इसके बाद अररिया पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 1.852 किलोग्राम कच्ची स्मैक, 50 किलोग्राम सोडियम कार्बोनेट पाउडर, एसिड से भरा एक कंटेनर, पांच लीटर आसुत जल और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में मालदा निवासी नबीरुल और रमजानी महालदार के अलावा स्कॉर्पियो चालक एवं फारबिसगंज निवासी मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस संगठित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पूछताछ में यह भी पता चला है कि जब्त कच्चे पदार्थ के एक किलोग्राम से कम से कम 10 किलोग्राम बिक्री योग्य स्मैक तैयार की जा सकती है। जिला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि बरामद 4.08 किलोग्राम स्मैक और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की कुल कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ ही उसके नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी है। सभी छह गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
अन्य न्यूज़














