Assam के Kaziranga में भीषण सड़क हादसे पर PM Modi ने जताया दुख, मुआवजे का किया एलान

असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास मिनीबस और कंटेनर ट्रक की टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति और गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास हुए भीषण सड़क हादसे पर शोक जताया, जिसमें कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। मोदी ने एक मिनीबस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “असम के काजीरंगा में सड़क हादसे में जानमाल के नुकसान की खबर बेहद दुखद है।
मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।” असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने मुर्मू के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार राहत कार्यों में जुटी है और इस मुश्किल समय में मृतकों के परिजन को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा, “काजीरंगा में सड़क दुर्घटना में जानमाल के नुकसान से गहरा दुख और पीड़ा हुई है।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “असम के गोलाघाट जिले में सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” मोदी ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि काजीरंगा में सड़क हादसे में जानमाल के नुकसान से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खो दिया है।
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
अन्य न्यूज़













