Bahraich Crime: महिला डॉक्टर बनकर तस्वीरें लीं, 5.20 लाख वसूले, आरोपी गिरफ्तार

बहराइच पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला डॉक्टर बनकर आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल करने और ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने वाले आरोपी को पकड़ा है। आरोपी हिमांशु तायल ने वजन कम कराने का झांसा देकर महिला से 5.20 लाख रुपये वसूले थे। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और कुल 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
बहराइच में सोशल मीडिया पर खुद को महिला डॉक्टर बताकर एक अन्य महिला को वजन कम करने और स्लिम-फिट रखने का झांसा देकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल करने तथा उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित तौर पर 5.20 लाख रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की पहचान हिमांशु तायल उर्फ शमी के रूप में की है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक महिला डॉक्टर के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई थी। इसी प्रोफाइल के जरिए उसने पीड़िता से संपर्क किया और उसका विश्वास हासिल किया। एसपी ने बताया, ‘‘ उसने महिला से कहा कि उसका वजन काफी अधिक दिखाई देता है, लेकिन उसे स्लिम-फिट बनाया जा सकता है।
इसके लिए उसने महिला से कम कपड़ों में तस्वीरें भेजने को कहा।’’ जब महिला ने तस्वीरें भेजने में झिझक दिखाई तो आरोपी ने कथित तौर पर उससे कहा, ‘‘मैं भी महिला हूं और डॉक्टर हूं। डॉक्टर के सामने शर्म कैसी?’’ पुलिस के अनुसार, आरोपी की बातों पर भरोसा करने के बाद महिला ने उसे कम कपड़ों में अपनी कुछ तस्वीरें भेज दीं। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और महिला के बेटे की हत्या करने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, उसने अलग-अलग समय पर महिला से कुल 5.20 लाख रुपये वसूले। पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी उससे 10 लाख रुपये और मांग रहा था। एसपी ने बताया कि महिला के पति की ओर से 16 सितंबर को दरगाह शरीफ थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने 17 सितंबर को बहराइच रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें कथित तौर पर पीड़िता की तस्वीरें मिलीं। इसके अलावा उसके पास से एक लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से 1.50 लाख रुपये और बरामद किए।
अन्य न्यूज़













