Bankipur सीट पर उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू, नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हो गई। इस उपचुनाव में कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज होगा। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी।
पटना, तीन अगस्त बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई सीट पर कराया गया था। नितिन नवीन ने नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार यह सीट जीती थी।
उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है।’’ तीस जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में सात प्रतिशत कम रहा। इस बार चुनाव मैदान में कुल 26 उम्मीदवार हैं।
राजद ने उपचुनाव में एक बार फिर रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर इस सीट से अपना पहला चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, भाजपा ने इस सीट पर युवा मोर्चा के अपेक्षाकृत कम चर्चित नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने 1995 में इस विधानसभा क्षेत्र का नाम पटना पश्चिम रहने के समय से लेकर अब तक इस सीट पर कभी हार का सामना नहीं किया है।
अन्य न्यूज़














