Bareilly में माता-पिता के विवाद से आहत 10वीं की छात्रा दिव्यांशी ने लगाई फांसी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बरेली के बारादरी इलाके में माता-पिता के अलगाव से परेशान 15 साल की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह चाहती थी कि उसकी मां पिता के पास लौट जाए, लेकिन प्रयास असफल होने के बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कथित रूप से माता-पिता के बीच लंबे समय से जारी विवाद से परेशान दसवीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि घटना बारादरी थाना क्षेत्र के आजाद नगर की है, जहां 15 वर्षीय छात्रा दिव्यांशी अपनी मां श्यामलता के साथ रहती थी।

सूत्रों के मुताबिक परिजनों का कहना है कि दिव्यांशी अपने माता-पिता के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर परेशान थी और चाहती थी कि उसकी मां वापस पिता के साथ रहने लगे। सूत्रों ने बताया कि दिव्यांशी की मां आशा कार्यकर्ता हैं, जबकि उसके पिता वेदपाल भुता क्षेत्र के मैकूपुर गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले दिव्यांशी अपने पिता के घर गई थी और उसने पिता से कहा था कि वह अपनी मां को मनाकर उनके साथ वापस ले आएगी, मगर वह अपनी कोशिश में सफल नहीं हो सकी और घटना से एक दिन पहले ही पिता के घर से मां के पास लौट आई थी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (तृतीय) शिवम आशुतोष ने बताया कि किशोरी ने बृहस्पतिवार को घर में फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि घटना के समय उसकी मां काम पर गई थी और उसका छोटा भाई भी घर से बाहर था। आशुतोष ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़