Bareilly में कांवड़ यात्रियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 1 की मौत और 24 लोग घायल हुए

Bareilly में कांवड़ यात्रियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 1 की मौत और 24 लोग घायल हुए
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में शिवधाम से जलाभिषेक कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। पुलिस के मुताबिक नशे में धुत ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था, जिससे ट्रॉली पलट गई और उससे बचने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रहा एक ऑटो खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ऑटो सवार एक यात्री की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 23 कांवड़ यात्रियों सहित कुल 24 लोग घायल हो गए।

बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में मंगलवार शाम को जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटने और फिर एक ऑटो के खाईं में गिर जाने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 23 कांवड़िये घायल हो गए।

वहीं ट्रॉली से बचने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहा ऑटो खाई में गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक घायल हो गया। बरेली जिले के थाना आंवला के किटोना गांव से 50 कांवड़ यात्रियों का जत्था हरिद्वार से जल लेकर सोमवार को गांव पहुंचा। इसके बाद मंगलवार को शिवरात्रि पर सभी शिवधाम गुलड़िया गौरीशंकर में जलाभिषेक करने गए थे।

आज शाम करीब साढ़े छह बजे ये लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर वापस गांव लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक रामनगर-मऊ मार्ग पर रसूलपुर मोड़ के पास ट्रॉली अचानक एक तरफ पलट गई और ट्रॉली में बैठे 23 कांवड़ यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान आंवला की ओर से गांव खनगांवा श्याम जा रहा एक आटो-टेम्पो ट्रॉली से बचने के प्रयास में खाई में पलट गया।

बताया जा रहा है कि टेम्पो की टक्कर ट्रॉली के पिछले हिस्से से हुई। टेम्पो चालक रवि घायल हो गया जबकि उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत उपाध्याय और निरीक्षक बीनू चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था।

उन्होंने बताया कि जेसीबी की मदद से ट्रॉली को हटाया गया और टेम्पो को खाई से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रामनगर ले जाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़