Bay of Bengal में गहराया दबाव, 17 नवंबर तक भीषण Cyclone बनने की चेतावनी

Bay of Bengal में गहराया दबाव, 17 नवंबर तक भीषण Cyclone बनने की चेतावनी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय अवदाब तेज होकर आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते मौसम विभाग ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक यह सिस्टम 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और अगले दिन भीषण चक्रवात का रूप ले सकता है। इसके असर से राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है।

दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और गहरे दबाव में बदल गया। विभाग ने बताया कि यह रविवार सुबह 5:30 बजे एक निश्चित स्थान पर केंद्रित था। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और और अधिक शक्तिशाली होने की आशंका है।

विभाग ने बताया कि इसके 16 नवंबर को दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में चक्रवाती तूफान तथा 17 नवंबर को भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु के उत्तरी जिलों के अलावा सोमवार से राज्य के पश्चिमी घाट और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान चेंगलपट्टू, चेन्नई, कांचीपुरम और कन्याकुमारी सहित राज्य के कई जिलों में बारिश हुई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़