Bhadohi में Library टॉयलेट की दीवार में छेद कर छात्राओं का आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार

भदोही के गोपीगंज क्षेत्र में एक डिजिटल पुस्तकालय के शौचालय की दीवार में छेद कर छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो व फोटो खींचने के आरोप में रवि शंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। छात्राओं के शक होने पर तलाशी लेने के दौरान आरोपी के फोन से फुटेज बरामद हुई। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है ताकि पता चले कि सामग्री कहीं सोशल मीडिया पर अपलोड तो नहीं की गई।
उत्तर प्रदेश के भदोही में एक डिजिटल पुस्तकालय के शौचालय की दीवार में छेद करके छात्राओं का अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो बनाने और फोटो खींचने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पुस्तकालय के संचालक भरथरी बिंद की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत गोपीगंज थाने में बृहस्पतिवार देर रात प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी रवि शंकर गुप्ता (20) को गिरफ्तार कर लिया गया।
गोपीगंज के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि दयाराम डेहरिया के निवासी बिंद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर लाला नगर टोल प्लाजा के निकट स्थित लाल बहादुर गुप्ता के मकान में कई साल से डिजिटल पुस्तकालय संचालित कर रहे हैं। पांडेय ने बताया कि तहरीर के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर पुस्तकालय में छात्राओं को शौचालय की दीवार में एक छोटा सा छेद दिखा, जिसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने दूसरे छात्रों को इसकी जानकारी दी। तहरीर में कहा गया है कि छात्रों ने छेद से झांककर देखा तो उन्हें मकान मालिक का कमरा दिखा, जिसके बाद छात्र तुरंत मकान मालिक के कमरे में पहुंचे, जहां आरोपी रवि शंकर गुप्ता मौजूद था।
तहरीर के अनुसार छात्रों ने उसका मोबाइल छीनकर देखा, जिसमें छात्राओं की आपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखीं। शिकायत में कहा गया है कि पुस्तकालय संचालक को सूचना मिलते ही पुलिस को खबर दी गई। साथ ही छात्र-छात्राओं ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद वे भी वहां पहुंच गए और हंगामा हुआ।
पुस्तकालय संचालक बिंद ने पुलिस को बताया कि मकान मालिक का कमरा और छात्राओं का शौचालय एक दूसरे से सटे हैं। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कहां-कहां भेजे गए हैं और इन्हें किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य वेबसाइट पर अपलोड तो नहीं किया गया।
अन्य न्यूज़














