Bhadohi में नाबालिग से एक साल तक दुष्कर्म करने वाला 45 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सुरियावां थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय दलित किशोरी के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के दौरान पीड़िता के चार माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर कसियापुर निवासी शिवमूरत बिंद पर बीएनएस, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में 14 वर्षीय दलित लड़की को डरा-धमकाकर एक साल तक उससे बार-बार दुष्कर्म करने के आरोपी 45 वर्षीय व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि सुरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की की तबीयत खराब होने पर उसकी मां मंगलवार को उसे अस्पताल ले गई थी। वहां चिकित्सकीय जांच में नाबालिग के चार महीने की गर्भवती होने का पता चला।

उन्होंने बताया कि मां के पूछने पर लड़की ने उसे आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। अग्रवाल के मुताबिक, लड़की की मां की तहरीर पर कसियापुर गांव निवासी शिवमूरत बिंद (45) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की का आरोप है कि बिंद उसे बहला-फुसलाकर बुलाता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसकी और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या कर देगा। अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बिंद को गिरफ्तार कर लिया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़