Imran Khan से मिले PTI वकील, Adiala Jail में अदालती मामलों पर चार घंटे मंथन

इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की कानूनी टीम ने अदियाला जेल में पूर्व प्रधानमंत्री से मुलाकात की। वकील सलमान सफदर और लतीफ खोसा ने विचाराधीन मामलों पर चर्चा करने के लिए करीब चार घंटे जेल परिसर में बिताए। कानूनी टीम ने 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में सुनवाई आगे बढ़ाने के लिए इस मुलाकात को जरूरी बताया था।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई)पार्टी के वकीलों ने बुधवार को अदियाला जेल में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की और उनके साथ अदालती मामलों पर चर्चा की। वकीलों की पूर्व प्रधानमंत्री से यह मुलाकात इस्लामाबाद उच्च न्यायालय(आईएचसी) द्वारा अधिकारियों को इसका निर्देश दिये जाने के एक दिन बाद हुई है। पीटीआई के संस्थापक खान (74) वर्ष 2023 से कारावास में हैं।
उन पर भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों सहित 100 से अधिक मामले चल रहे हैं। उनकी पत्नी, बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें इस दंपति को सजा सुनाई गई थी। अल-कादिर ट्रस्ट मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी द्वारा दायर अपील पर मंगलवार को सुनवाई करते हुए, आईएससी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खान और उनकी कानूनी टीम के बीच मुलाकात की सुविधा उपलब्ध कराएं।
वकीलों ने दलील दी थी कि 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में चल रही सुनवाई में वे अपने मुवक्किलों से मिले बिना आगे बहस नहीं कर सकते। अंग्रेजी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक पीटीआई के वकील अवैस यूनुस चौधरी ने बताया कि वकील सलमान सफदर और वकील लतीफ खोसा ने अदियाला जेल में खान से मुलाकात की। चौधरी ने कहा, ‘‘अदालत के आदेशानुसार, विचाराधीन मामलों पर चर्चा करने के लिए बैठक की गई।’’ उन्होंने बताया कि वकील चार घंटे तक अदियाला में रहे और मीडिया से बात किए बिना ही चले गए।
चौधरी ने कहा, ‘‘चूंकि उनके मोबाइल फोन बंद हैं, इसलिए यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि उन्हें इमरान से एक साथ मिलने की अनुमति थी या अलग-अलग, और वे कितनी देर तक मिल पाए।’’ यह बैठक खान को उनकी आंखों की तकलीफ के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाए जाने के कुछ घंटों बाद हुई।
अन्य न्यूज़














