पंजाब में पिछली सरकारों ने चुनाव बाद भुलाए वादे, भगवंत मान का Congress, SAD और BJP पर हमला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोगा में आयोजित एक रैली के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों तक सत्ता में रहने वाली पार्टियों ने हमेशा जनता से केवल वादे किए और काम नहीं किया। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और अपने कार्यों का पूरा हिसाब दे रही है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने वर्षों तक बारी-बारी से राज्य की सत्ता संभाली, एक-दूसरे पर आरोप लगाए और चुनाव के दौरान वादे करने के बाद जनता को भुला दिया। मान ने कहा, “अब ये दल एक साथ आ रहे हैं क्योंकि वे आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कामकाज से चिंतित हैं। पंजाब की जनता इनका इतिहास जानती है और इनके नए राजनीतिक गठबंधनों के बहकावे में नहीं आएगी।” मान, वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित ‘पंजाब खुशहाल रैली’ को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज मैं पंजाब की जनता से सीधे बात करना चाहता हूं कि हमने क्या काम किए हैं और कौन से वादे पूरे किए हैं। जिन लोगों ने दशकों तक राज्य पर शासन किया, उन्हें भी जनता को बताना चाहिए कि उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया।’’ मान ने कहा, “इन दलों के पास सत्ता में रहने के लिए कई साल थे लेकिन इसके बावजूद राज्य की समस्याएं बनी रहीं। हमारी सरकार जनता के सामने अपने कामकाज का लेखा-जोखा पेश कर रही है, क्योंकि हमारा मानना है कि सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता इन राजनीतिक दलों का इतिहास जानती है और उन्हें विश्वास है कि लोग इनके नए राजनीतिक गठजोड़ के बहकावे में नहीं आएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़