Bihar Governor, मुख्यमंत्री ने शरद यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की

Chief Minister Nitish
प्रतिरूप फोटो
ANI

राज्यपाल फागू चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत शरद यादव एक प्रसिद्ध समाजवादी नेता थे तथा राम मनोहर लोहिया के विचारों से काफी प्रभावित थे। उन्होंने कहा कि वह गरीबों और वंचितों की समस्याओं को दूर करने के लिए आजीवन प्रयासरत रहे

पटना। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत विभिन्न राजनेताओं ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल फागू चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत शरद यादव एक प्रसिद्ध समाजवादी नेता थे तथा राम मनोहर लोहिया के विचारों से काफी प्रभावित थे। उन्होंने कहा कि वह गरीबों और वंचितों की समस्याओं को दूर करने के लिए आजीवन प्रयासरत रहे।

राज्यपाल ने कहा कि बिहार से उनका गहरा लगाव था व उनका निधन अत्यन्त दुःखद है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दुःखद। शरद यादव जी से मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे।

इसे भी पढ़ें: Rahul Gandhi ने दिल्ली पहुंचकर शरद यादव को श्रद्धांजलि दी

उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’ वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। यादव 75 वर्ष के थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़