Bikaner में उबलती दाल के भगोने में गिरने से पाँच साल के बच्चे की मौत

Bikaner में उबलती दाल के भगोने में गिरने से पाँच साल के बच्चे की मौत
प्रतिरूप फोटो

बीकानेर जिले के उदरासर गांव में शोकसभा के दौरान पांच वर्षीय बालक संकेत गर्म दाल के बर्तन में गिर गया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जयपुर, चार अगस्त राजस्थान के बीकानेर जिले में दादा की शोकसभा में आए रिश्तेदारों के लिए बन रही गर्म दाल के भगोने में गिरने से पांच वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के उदरासर गांव में हुई तथा मृत बालक की पहचान संकेत के रूप में हुई है।

सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार ने बताया कि संकेत के दादा कानाराम मेघवाल का 26 जुलाई को निधन हुआ था और उनके निधन के आठवें दिन दो अगस्त को शोकसभा में आए लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। संकेत वहीं खेल रहा था। राजकुमार ने बताया कि खेलते समय संकेत पीछे की ओर दौड़ रहा था और इसी दौरान वह बिना ढके उबलती दाल के बड़े बर्तन में गिर गया।

पुलिस के अनुसार बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए। करीब 90 प्रतिशत तक झुलस जाने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार बच्चे के पिता मजदूरी करते हैं। संकेत तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसका सात वर्षीय बड़ा भाई और तीन वर्षीय छोटी बहन है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़