भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 200 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी: पटेल

bjp-and-its-allies-will-not-get-more-than-200-patel

अहमद पटेल ने करकरे की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘प्रज्ञा सिंह आज क्या कह रही हैं? एक आदमी (करकरे)जिसने आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी अब उनकी आलोचना की जा रही है और यहां तक ​​कि उन्हें विश्वासघाती करार दिया गया।’’

अहमदाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने शनिवार को भाजपा पर ‘‘दोहरे मानक’’ अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर तो वे आतंकवाद से लड़ने की बात करते हैं और फिर शहीदों की आलोचना करने वालों को टिकट देते हैं। पटेल राजकोट में बोल रहे थे। पटेल ने यह बात 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी एवं भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा यह दावा किये जाने की पृष्ठभूमि में कही कि महाराष्ट्र एटीएस के तत्कालीन प्रमुख हेमंत करकरे मुंबई आतंकवादी हमले में मारे गए क्योंकि उन्होंने उन्हें ‘‘शाप’’ दिया था। 

इसे भी पढ़ें: 23 मई को नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री बन जायेंगे: पटेल

ठाकुर की इस टिप्पणी पर विवाद उत्पन्न हो गया। भाजपा ने ठाकुर की इस टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार शाम में माफी मांगते हुए अपना बयान वापस ले लिया। पटेल ने इस मामले को लेकर भाजपा की निंदा करते हुए कहा, ‘‘भाजपा ने ऐसे लोगों को टिकट दिया है। आप क्या संदेश देना चाहते हैं? एक ओर भाजपा आतंकवाद से लड़ने की बात करती है और जो लोग वास्तव में आतंकवाद से लड़ रहे हैं उनकी भाजपा उम्मीदवारों द्वारा आलोचना की जा रही है।’’ 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस का रुख स्पष्ट, अब गेंद AAP के पाले में है: अहमद पटेल

गुजरात से राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘ये दोहरा मापदंड क्यों? भाजपा जो उपदेश देती है और वास्तव में जो करती है, उसमें बहुत अंतर है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा आतंकवाद से लड़ने की बात करती है, वह कांग्रेस के नेता थे जिन्होंने इसका विरोध करते हुए अपनी जान दी। उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई आतंकवादी हमले के बाद (महाराष्ट्र के) हमारे (तत्कालीन) मुख्यमंत्री और (तत्कालीन) केंद्रीय गृहमंत्री ने इस्तीफा दे दिया था। हमने आतंकवादियों का मुकाबला किया और कसाब को पकड़ लिया (जिसे बाद में फांसी दी गई थी)।’’

इसे भी पढ़ें: अहमद पटेल ने आरोपों को बताया हास्यास्पद, बोले- राजग का हिस्सा बन गई है ED

पटेल ने करकरे की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘प्रज्ञा सिंह आज क्या कह रही हैं? एक आदमी (करकरे)जिसने आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी अब उनकी आलोचना की जा रही है और यहां तक ​​कि उन्हें विश्वासघाती करार दिया गया।’’ पटेल ने कहा कि 23 मई को लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता का गुस्सा यह सुनिश्चित करेगा कि अप्रैल-मई के लोकसभा चुनावों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 200 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। 

 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़