Tahir Hussain को उम्रकैद के बाद BJP ने Arvind Kejriwal से मांगी माफी, AAP ने किया पलटवार

Prabhasakshi Image

दिल्ली की एक अदालत द्वारा 2020 के दिल्ली दंगों में आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में पूर्व आप पार्षद ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा ने अरविंद केजरीवाल से देश से माफी मांगने की मांग की है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि दंगों के समय आप नेताओं ने हुसैन को संरक्षण दिया था। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए कहा कि ताहिर हुसैन परोक्ष रूप से भाजपा के लिए काम कर रहा था।

दिल्ली की एक अदालत द्वारा शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा ने पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल से माफी की मांग की। राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के दोषी आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और चार अन्य को शुक्रवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने कहा कि मामला ‘‘दुर्लभतम’’ श्रेणी में नहीं आता, जिसके लिए मौत की सजा दी जाए।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा कि दंगों के समय केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं ने हुसैन को ‘‘संरक्षण’’ दिया था। मल्होत्रा ​​ने आरोप लगाया, ‘‘इससे (हुसैन के दोषी ठहराए जाने से) साबित होता है कि आप नेता दंगों को भड़का रहे थे।’’ मल्होत्रा ​​ने कहा कि केजरीवाल को देश से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा विधायक और दिल्ली सरकार के प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि हुसैन को मौत की सजा मिलेगी।

खुराना ने कहा, ‘‘दिवंगत अंकित शर्मा के परिवार को कुछ हद तक न्याय मिला है, लेकिन हमें उम्मीद थी कि हुसैन को उम्रकैद के बजाय मौत की सजा मिलेगी क्योंकि यह दुर्लभतम मामला है। उनकी हत्या सिर्फ इसलिए की गई क्योंकि वह हिंदू थे।’’ खुराना ने कहा कि अदालत का फैसला कांग्रेस और ‘आप’ के उन सभी नेताओं के मुंह पर जोरदार तमाचा है जिन्होंने इस पूरे मामले को सांप्रदायिक रंग दिया था। उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा हुसैन को सजा सुनाए जाने के बाद केजरीवाल को देश से माफी मांगनी चाहिए।

वहीं, आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘ताहिर हुसैन परोक्ष रूप से भाजपा के लिए काम कर रहा था।’’ भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए भारद्वाज ने कहा कि शर्मा की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद ही पार्टी ने हुसैन को निकाल दिया था। भारद्वाज ने दावा किया कि जहां ‘आप’ ने प्राथमिकी के बाद हुसैन के खिलाफ कार्रवाई की, वहीं भाजपा दंगों से जुड़े अन्य मामलों में गंभीर आरोपों का सामना कर रहे नेताओं का समर्थन करती रही।

All the updates here:

अन्य न्यूज़