Rahul Gandhi के US दौरे पर BJP का तंज, पूछा छात्रों से मिलेंगे या देश विरोधी ताकतों से

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आगामी अमेरिका यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि वह चुनावी राज्यों में प्रचार करने के बजाय लगातार विदेश यात्राएं करते हैं। वहीं सैम पित्रोदा के अनुसार राहुल गांधी कोलंबिया और शिकागो विश्वविद्यालय में संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगले हफ्ते प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को लेकर बुधवार को उन पर तंज कसते हुए पूछा कि वह छात्रों से बातचीत करने के लिए विदेश जा रहे हैं या फिर “भारत-विरोधी ताकतों” से। भाजपा की यह प्रतिक्रिया ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की इस घोषणा के बाद आई है कि राहुल अमेरिका की अपनी आगामी यात्रा के दौरान कोलंबिया विश्वविद्यालय और शिकागो विश्वविद्यालय में क्रमशः वैश्विक छात्र आंदोलनों और भू-राजनीति पर अनौपचारिक चर्चा करेंगे। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल की अमेरिका यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कहा, “देखिए, अब यह कोई नयी बात नहीं रह गई है।

उन्हें खुद बताना चाहिए कि वह छात्रों से बातचीत करने जा रहे हैं या भारत-विरोधी ताकतों से।” उन्होंने कहा कि राहुल ने किसी चुनावी राज्य में अपनी पार्टी के प्रचार के लिए कभी 15 दिन भी नहीं बिताए हैं। भाजपा राहुल पर अक्सर आरोप लगाती रही है कि वह विदेश जाकर भारत-विरोधी ताकतों से मिलते हैं और वहां सार्वजनिक मंचों पर देश को बदनाम करते हैं। भाजपा दावा करती आई है कि राहुल चुनावों के दौरान अपनी पार्टी के लिए प्रचार करने के बजाय विदेश चले जाते हैं और जब उनकी पार्टी चुनाव हार जाती है, तो वह ‘वोट चोरी’ के “बेबुनियाद” आरोप लगाते हैं।

त्रिवेदी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “कोरोना काल को छोड़ दें, तो ऐसा कभी नहीं हुआ कि उन्होंने (राहुल) 25 हफ्ते की अवधि में एक भी विदेश यात्रा न की हो।” उन्होंने कहा, “मेरा उस व्यक्ति से एक सवाल है, जो ‘वोट चोरी’ का नारा लगा रहा है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हाल ही में उत्तर प्रदेश के दौरे पर गए थे। अमित शाह ने पंजाब में कई दिन बिताए।

लेकिन राहुल गांधी वियतनाम की यात्रा के बाद अब अमेरिका जा रहे हैं।” पित्रोदा ने शिकागो से ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका आ रहे हैं, जिनकी योजना काफी समय पहले ही बना ली गई थी। पित्रोदा ने कहा, “पहला कार्यक्रम 17 नवंबर को कोलंबिया विश्वविद्यालय में अनौपचारिक चर्चा का है, जिसमें मुख्य रूप से दुनियाभर में छात्र आंदोलनों के बढ़ते प्रभाव, इनके मायने, भारत में इन्हें किस नजरिये से देखा जाता है, लोकतंत्र पर इनके प्रभाव तथा शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से जुड़ी छात्रों की मांगों पर बातचीत होगी। मुझे विश्वास है कि इस चर्चा का उचित समय पर प्रसारण भी किया जाएगा।” उन्होंने कहा, “दूसरा कार्यक्रम 18 नवंबर को प्रतिष्ठ प्रोफेसर डॉ. (रॉबर्ट) पेप के साथ शिकागो विश्वविद्यालय में होगा।

पेप भू-राजनीति के क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध हैं और पश्चिम एशिया, ईरान युद्ध एवं अन्य मुद्दों पर उनका एक अलग नजरिया है। इसलिए दूसरी बातचीत मुख्य रूप से भू-राजनीति और वैश्विक मामलों पर केंद्रित होगी।” पित्रोदा ने राहुल पर विदेश में भारत को बदनाम करने के आरोप लगाने को लेकर भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि यह तर्क “बेतुका” है, क्योंकि यह “किसी की आलोचना करने का नहीं, बल्कि तथ्यों को अपने नजरिये से पेश करने का मामला है।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़