थरूर के ''हिंदू पाकिस्तान'' बयान पर कांग्रेस फंसी, BJP ने किया करारा हमला

BJP Win In 2019 Will Lead To Creation Of Hindu Pakistan: Shashi Tharoor

थरूर ने कहा है कि अगर भाजपा 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने में सफल हो जाती है तो देश ''हिंदू पाकिस्तान'' बन जायेगा। थरूर के इस बयान पर भाजपा ने तगड़ा हमला बोलते हुए थरूर और राहुल गांधी से माफी की मांग की है।

सांसद शशि थरूर के बड़बोले बयान के चलते कांग्रेस एक बार फिर मुश्किल में फंस गयी है। थरूर ने कहा है कि अगर भाजपा 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने में सफल हो जाती है तो देश 'हिंदू पाकिस्तान' बन जायेगा। थरूर के इस बयान पर भाजपा ने तगड़ा हमला बोलते हुए थरूर और राहुल गांधी से माफी की मांग की है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि कांग्रेस अब देश के हिंदुओं का अपमान करने पर उतर आई है तभी उनकी पार्टी के सांसद थरूर ने ऐसा बयान दिया है। पात्रा ने कहा कि थरूर ने ना सिर्फ हिंदुओं का अपमान किया बल्कि भारतीय लोकतंत्र का भी अपमान किया है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और सॉफ्ट हिंदुत्व की राह महज छलावा था। पात्रा ने बुधवार को राहुल गांधी की मुस्लिम बुद्धिजीवियों से हुई मुलाकात पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस बैठक में राहुल गांधी ने मुस्लिम बुद्धिजीवियों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी को यह साफ करना चाहिए कि थरूर के बयान से वह कहां तक सहमत हैं।

थरूर ने आखिर बोला क्या था ?

थरूर ने अपने संसदीय क्षेत्र तिरुवनंतपुरम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर भाजपा अगला लोकसभा भी जीत जाती है तो वो नया संविधान लिखेगी और इससे भारत पाकिस्तान जैसे मुल्क में तब्दील हो जायेगा और यहां अल्पसंख्यकों के लिए कोई सम्मान नहीं बचेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा निशाना साधते हुए कहा था कि वह बात तो संविधान के पालन की करते हैं लेकिन हिंदुत्व के पुरोधा दीनदयाल उपाध्याय को महापुरुष बनाने पर तुले हैं। उन्होंने पूछा कि दोनों चीजें एक साथ कैसे संभव हैं ?

थरूर ने कहा कि भाजपा और आरएसएस हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं और दोबारा चुनाव जीतने पर यह हिंदू राष्ट्र के सिद्धांतों को स्थापित कर अल्पसंख्यकों को समानता के अधिकार खत्म कर देंगे और देश को हिंदू पाकिस्तान बना देंगे। थरूर ने कहा कि ऐसे हिंदुस्तान का सपना महात्मा गांधी, नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद और स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों ने नहीं देखा था।

थरूर के बयान के चलते कांग्रेस मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है खासकर ऐसे में जबकि उत्तर भारत के तीन बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, तब कांग्रेस नेताओं के हिंदुत्व संबंधी विवादित बयानों से पार्टी को नुकसान हो रहा है। हाल ही में पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह के हिंदू आतंकवाद संबंधी बयान से कांग्रेस विवादों में घिरी थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़