केरल में Priyanka Gandhi और रमेश चेन्निथला के काफिले को BJYM कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल के कोझिकोड में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और पूर्व गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के काफिलों को काले झंडे दिखाए। पुलिस ने दोनों स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। यह विरोध प्रदर्शन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर हुए युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद हुआ।

केरलम में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो)के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के काफिलों को काले झंडे दिखाए। पुलिस ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले, कोल्लम जिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया था।

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर जब प्रियंका गांधी का काफिला थिरुवंबाडी के पास थंबलमन्ना से गुजर रहा था, तब भाजयुमो कार्यकर्ताओं के एक समूह ने काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने जल्द ही प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया, जिसके बाद प्रियंका का काफिला बिना रुके आगे बढ़ गया। अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज किए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कुट्टियाडी के पास चेन्निथला के काफिले को रोक दिया। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी एक संकरे पुल के पास एकत्र हुए, काले झंडे दिखाए और चेन्निथला के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर वहां से हटाए जाने तक काफिला कुछ मिनट के लिए रुका रहा।

भाजयुमो ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ये प्रदर्शन शनिवार को शाह के काफिले के कोल्लम से कुंडरा की ओर जाते समय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाये जाने के बाद किए। शाह कोल्लम जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आए थे। इस बीच, ऐसी भी खबरें हैं कि भाजपा ने शाह के दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक का आरोप लगाते हुए राज्य पुलिस प्रमुख के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़