दिग्विजय सिंह का दावा, बसपा विधायक को भाजपा का नेता चार्टर विमान में ले गया था दिल्ली

bsp-mla-taken-to-delhi-in-chartered-plane-by-bjp-leader-says-singh
[email protected] । Mar 4 2020 8:25AM

भाजपा नेताओं पर कमलनाथ के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों को 25 से 35 करोड़ रूपए की पेशकश करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि बसपा की विधायक राम बाई को भाजपा का एक नेता सोमवार को चार्टर विमान में दिल्ली ले गया था।

भोपाल। भाजपा नेताओं पर कमलनाथ के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की कांग्रेस नीत सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों को 25 से 35 करोड़ रूपये की पेशकश करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि बसपा की विधायक राम बाई को भाजपा का एक नेता सोमवार को चार्टर विमान में दिल्ली ले गया था। वहीं, भाजपा ने दिग्विजय के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह इसलिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वह मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट से दोबारा सांसद बनना चाहते हैं। मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होना है।

इसे भी पढ़ें: कमलनाथ का दावा, मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार को कोई खतरा नहीं

मालूम हो कि अल्पमत वाली कमलनाथ सरकार को दो बसपा विधायकों सहित समाजवादी पार्टी के एक विधायक एवं चार निर्दलीय विधायकों का समर्थन है। दिग्विजय ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा ने मध्यप्रदेश के कांग्रेस, बसपा एवं सपा विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। बसपा की विधायक श्रीमती राम बाई को क्या भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह जी कल चार्टर विमान में भोपाल से दिल्ली नहीं ले गये ? (भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री) शिवराज (सिंह चौहान) जी कुछ कहना चाहेंगे?’’

उन्होंने आगे लिखा, ‘‘लेकिन हमें श्रीमती राम बाई पर पूरा भरोसा है। वे कमलनाथ जी की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी।’’ दिग्विजय के ताजा ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्यप्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने ‘भाषा’ से कहा कि जनता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय को गंभीरता से नहीं लेती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह आश्चर्य की बात है कि अपनी बेटी के इलाज के लिए दिल्ली गई एक महिला विधायक (रामबाई) पर कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया है। क्या दिल्ली जाने वाले हर विधायक को दिग्विजय की अनुमति लेनी चाहिए?’’

इसे भी पढ़ें: दिग्विजय के आरोप पर भाजपा ने कहा- कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने के लिये कर रहे हैं ये हरकतें

शर्मा ने कहा, ‘‘दरअसल दिग्विजय सिंह राज्यसभा के लिए एक और कार्यकाल चाहते हैं, जिसकी संभावना नहीं दिख रही है। वह सिर्फ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ पर दबाव बना रहे हैं और उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं, ताकि एक बार फिर राज्यसभा जा सकें।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़