Delhi में 87.5% महिलाएं बस स्टैंड और Metro Station जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं: CEQUIN

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लैंगिक समानता पर काम करने वाले संगठन सीईक्यूयूआईएन के नए अध्ययन में दिल्ली में महिलाओं की आवाजाही को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 88.9 प्रतिशत लोग अंधेरा होने के बाद नजदीकी सार्वजनिक पार्कों में जाने में डर महसूस करते हैं। संगठन ने अपनी जरूरी सिफारिशें सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी हैं।

दिल्ली में कई महिलाओं और लड़कियों के लिए मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पहुंचने का सफर ही भय का कारण बन गया है। लैंगिक समानता के क्षेत्र में काम करने वाले एक संगठन के अध्ययन में पाया गया है कि हर 10 में से करीब नौ महिलाएं और लड़कियां अपने नजदीकी सार्वजनिक परिवहन केंद्र तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं। ‘सेंटर फॉर इक्विटी एंड इंक्लूजन’ (सीईक्यूयूआईएन) द्वारा किए गए अध्ययन में पाया गया कि सर्वेक्षण में शामिल 87.5 प्रतिशत लोग नजदीकी मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षित महसूस करते हैं, जबकि 88.9 प्रतिशत लोग अंधेरा होने के बाद अपने नजदीकी सार्वजनिक पार्क में असुरक्षित महसूस करते हैं।

तीन-चौथाई से अधिक प्रतिभागियों ने फुटपाथों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात कही, जबकि 60 प्रतिशत ने बताया कि फुटपाथ या तो टूटे हुए हैं या हैं ही नहीं। ‘सीईक्यूयूआईएन’ की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, 1,588 महिलाओं, लड़कियों और एलजीबीटीक्यू+ समुदाय के लोगों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं पर आधारित अध्ययन के निष्कर्ष बताते हैं कि सुरक्षा संबंधी चिंताएं केवल यौन हिंसा के खतरे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन परिस्थितियों से भी जुड़ी हैं, जिनमें लोगों को शहर में रोजाना आवागमन करना पड़ता है। सर्वेक्षण में शामिल करीब 80 प्रतिशत लोगों ने कहा कि पुरुषों के व्यवहार, जिसमें घूरना, फब्तियां कसना और पीछा करना शामिल हैं, के कारण उनका रोजमर्रा का सफर असुरक्षित हो जाता है।

अध्ययन में यह भी पाया गया कि 80.5 प्रतिशत प्रतिभागियों को यह तक नहीं पता था कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कौन-सा नागरिक निकाय जिम्मेदार है। इससे यह सवाल उठता है कि सार्वजनिक स्थलों पर समस्याओं का सामना करने की स्थिति में वे शिकायत लेकर किसके पास जाएं। ‘एवरीडे जर्नीज : विमेन्स एंड गर्ल्स एक्सेस टू फुटपाथ्स एंड पब्लिक पार्क्स इन दिल्ली’ शीर्षक वाले इस अध्ययन में इस बात की पड़ताल की गई है कि बुनियादी ढांचा, सामाजिक व्यवहार और संस्थागत विफलताएं सार्वजनिक स्थलों तक महिलाओं की पहुंच को किस तरह प्रभावित करती हैं।

बयान के अनुसार, लैंगिक हिंसा और महिला अधिकारों के क्षेत्र में काम करने वाले सीईक्यूयूआईएन ने अपनी सिफारिशें उच्चतम न्यायालय को सौंप दी हैं। अध्ययन के निष्कर्ष ऐसे समय में सामने आए हैं, जब दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बलात्कार और यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं। इनमें आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार का मामला भी शामिल है।

सितंबर के पहले तीन सप्ताह में ऐसे कम से कम 13 मामले सामने आए थे, जिसके बाद उच्चतम न्यायालय ने 28 सितंबर को स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को असुरक्षित सार्वजनिक स्थलों की पहचान करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाने का निर्देश दिया था। सीईक्यूयूआईएन की सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक लोरा के प्रभु ने कहा ‘‘ जब 80 प्रतिशत से अधिक उत्तरदाता यह भी नहीं बता पाते कि इन कमियों को दूर करने के लिए कौन-सा नागरिक प्राधिकरण जिम्मेदार है, तो यह अलगाव शहर की व्यवस्था का ही हिस्सा बन जाता है उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन की सिफारिशों से लैंगिक जरूरतों के प्रति संवेदनशील शहरी सुधारों को बढ़ावा मिलेगा, जिनके प्रभाव का ठोस आकलन किया जा सकेगा। रिपोर्ट में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का भी हवाला दिया गया है, जिनके अनुसार 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,396 मामले दर्ज किए गए थे, जो देश के 19 प्रमुख महानगरों में सर्वाधिक थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़