Chandigarh में IED मिलने के बाद 3 संदिग्ध गिरफ्तार, विदेश से मिला था निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चंडीगढ़ के सेक्टर 43 बस अड्डे के पास टिफिन बॉक्स में छिपाए गए पांच किलोग्राम विस्फोटक की बरामदगी के बाद पुलिस ने पंजाब निवासी तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये संदिग्ध प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के विदेशी हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। आरोपियों के पास से जिलेटिन छड़ें, डेटोनेटर, एक पिस्तौल और पांच कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

चंडीगढ़ में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) की बरामदगी के मामले में पंजाब के रहने वाले तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रविवार को यहां सेक्टर 43 स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस के पीछे वन क्षेत्र से एक बैग के अंदर टिफिन बॉक्स में छिपाकर रखा गया आईईडी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी में पांच किलोग्राम जिलेटिन छड़ विस्फोटक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से संचालित प्रणाली, एक पिस्तौल, एक मैगजीन और पांच कारतूस शामिल थे। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े संदिग्ध लोगों की गतिविधियों के संबंध में मिली विशेष खुफिया जानकारी के बाद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरन तारन के सरहाली गांव निवासी लवप्रीत सिंह (19), तरन तारन के देवबाथ गांव निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (21) और अमृतसर के तरसिक्का गांव निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में रह रहे बीकेआई के हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे। सतनाम के निर्देश पर उन्होंने चंडीगढ़ में आतंक फैलाने के लिए आईईडी लगाने की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि व्यापक नेटवर्क, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और अन्य सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़