Chennai के रॉयपेट्टा में स्टोर से 10 लाख रुपये का सामान चुराने वाले चार आरोपी पकड़े गए

Chennai के रॉयपेट्टा में स्टोर से 10 लाख रुपये का सामान चुराने वाले चार आरोपी पकड़े गए
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तमिलनाडु में चेन्नई के रॉयपेट्टा स्थित एक स्टोर में 10 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक और कॉस्मेटिक सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में प्रतिष्ठान के दो मौजूदा और दो पूर्व कर्मचारी शामिल हैं। स्टोर में सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने और तकनीकी जांच के बाद सात हार्ड डिस्क समेत स्मार्टवॉच और अन्य गैजेट्स गायब पाए गए थे।

तमिलनाडु के चेन्नई स्थित रॉयपेट्टा इलाके में एक स्टोर से करीब 10 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान और सौंदर्य प्रसाधन उत्पादों की चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में स्टोर के दो मौजूदा एवं दो पूर्व कर्मचारी शामिल हैं।

पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, चोरी का मामला 16 नवंबर को सामने आया था, जब स्टोर के एक कर्मचारी ने देखा कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। बयान में बताया गया कि उसने इसकी जानकारी स्टोर प्रबंधक कीर्तिवासन (31) को दी। कीर्तिवासन तमिलनाडु के डिंडीगुल के रहने वाले हैं और मायलापुर में रहते हैं।

इसके बाद तकनीकी विशेषज्ञों ने स्टोर का निरीक्षण किया तो पता चला कि वहां से करीब 1.4 लाख रुपये कीमत की सात सीसीटीवी हार्ड डिस्क के अलावा ब्लूटूथ हेडसेट, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और कॉस्मेटिक उत्पाद गायब हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए सभी सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़