Punjab Police Reshuffle: चुनाव से पहले 25 IPS और 6 PPS अफसरों का तबादला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब सरकार ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राज्य पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल करते हुए 31 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके तहत लुधियाना, जालंधर और अमृतसर जैसे प्रमुख शहरों के पुलिस आयुक्त और कई जिलों के एसएसपी बदले गए हैं। सतिंदर सिंह को लुधियाना और गुरप्रीत सिंह भुल्लर को जालंधर का पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

पंजाब सरकार ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 25 और छह पीपीएस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। इसके तहत अमृतसर, लुधियाना और अन्य जिलों में पुलिस के अहम पदों पर बदलाव किए गए हैं। आदेश के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतिंदर सिंह को लुधियाना का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।

उन्होंने स्वपन शर्मा की जगह ली है, जिन्हें रोपड़ रेंज का पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) का प्रभार दिया गया है। इसके अनुसार गुरप्रीत सिंह भुल्लर को जालंधर का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है और उन्होंने सतिंदर सिंह की जगह ली है। वहीं हरमनबीर सिंह को डीआईजी (सीमा रेंज) बनाया गया है।

बयान के अनुसार जगदाले नीलांबरी विजय को पुलिस महानिरीक्षक (जालंधर रेंज) बनाया गया है। उन्होंने नवीन सिंगला की जगह ली है, जिन्हें डीआईजी (जालंधर रेंज) का प्रभार दिया गया है। बयान के अनुसार कुलदीप सिंह को अमृतसर का पुलिस आयुक्त जबकि हरजीत सिंह को डीआईजी (बठिंडा रेंज) नियुक्त किया गया है।

नानक सिंह को डीआईजी (तकनीकी सेवाएं) और गुरमीत सिंह चौहान को डीआईजी (प्रोविजनिंग) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्नेहदीप शर्मा को डीआईजी (फिरोजपुर रेंज) जबकि अमनीत कोंडल को डीआईजी (पटियाला रेंज) नियुक्त किया गया है। सुरेंद्र लांबा को संगरूर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है।

उन्होंने रवजोत ग्रेवाल की जगह ली है, जिन्हें एसएएस नगर स्थित सतर्कता ब्यूरो का एसएसपी नियुक्त किया गया है। बयान के अनुसार चरनजीत सिंह को एसएसपी (लुधियाना ग्रामीण) और अंकुर गुप्ता को एसएसपी (फरीदकोट) नियुक्त किया गया है। अश्वनी गोत्याल को एसएसपी (फिरोजपुर) जबकि वत्सला गुप्ता को एसएसपी (एसबीएस नगर) बनाया गया है।

प्रज्ञा जैन को एसएसपी (अमृतसर ग्रामीण) और तुषार गुप्ता को एसएसपी (गुरदासपुर) नियुक्त किया गया है। अजय गांधी को एसएसपी (तरनतारन) और मनिंदर सिंह को एसएसपी (रूपनगर) बनाया गया है। पीपीएस अधिकारी भूपिंदर सिंह को एसएसपी (मलेरकोटला) और हरकमलप्रीत सिंह को एसएसपी (जालंधर ग्रामीण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़