Bijapur Eklavya School छात्रा से यौन उत्पीड़न का आरोपी शिक्षक Rajasthan से पकड़ा गया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

छत्तीसगढ़ के बीजापुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 14 साल की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र कुमार दहिया को राजस्थान के झालावाड़ से हिरासत में लिया गया है। पीड़िता द्वारा 12 सितंबर को शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर आरोपी का पता लगाया।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सरकारी आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय एक छात्रा का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी शिक्षक को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) अमन झा ने बताया कि आरोपी देवेंद्र कुमार दहिया (35) को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया।

झा के अनुसार दहिया भोपालपट्टनम थानाक्षेत्र के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक है। उन्होंने बताया कि छात्रा ने अपनी मां के साथ 12 सितंबर को भोपालपट्टनम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत के अनुसार, दहिया ने सात अक्टूबर, 2025 को लड़की को कथित तौर पर गलत तरीके से छुआ था और आरोपी ने कई अन्य मौकों पर भी उसके साथ बदसलूकी करने की कोशिश की थी, जिसका उसने विरोध किया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी की खोज में दलों को राजस्थान और हरियाणा भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि तकनीकी आसूचना के आधार पर पुलिस ने दहिया का पता लगाया और राजस्थान के झालावाड़ में उसे हिरासत में लिया, जिसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया। मामला सामने आने के बाद, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजापुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया था कि वे मामले की गहन जांच करें और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़